कलेक्टर ने की एसबीएम ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और जल जीवन मिशन की समीक्षा
मुंगेली, 22 मई 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित एनआईसी कक्ष में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक आयोजित कर विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल 2026 के व्यापक पालन एवं जनजागरूकता पर विशेष जोर दिया। कलेक्टर ने कहा कि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के दौरान गीले और सूखे कचरे, सेनेटरी वेस्ट और स्पेशल केयर वेस्ट को पृथक-पृथक रखने के लिए आमजन को लगातार जागरूक किया जाए। उन्होंने ब्लॉक स्तर पर प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा स्थापित केंद्रों के बेहतर संचालन के निर्देश दिए। साथ ही बल्क वेस्ट जनरेटरों का चिन्हांकन कर उन्हें एसडब्ल्यूएम रूल 2026 के तहत नियमों के पालन के लिए जागरूक करने को कहा।
बैठक में कलेक्टर ने निर्देशित किया कि प्रत्येक ब्लॉक में 5-5 ग्राम पंचायतों को मॉडल पंचायत के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत एवं ब्लॉक स्तर पर सीसीटीवी के माध्यम से नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि व्यवस्थाओं की सतत निगरानी हो सके। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एसडब्ल्यूएम रूल 2026 के संबंध में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। इसके लिए क्लस्टरवार प्रशिक्षण, दीवार लेखन, नुक्कड़ नाटक एवं अन्य माध्यमों का उपयोग कर लोगों को स्वच्छता एवं कचरा पृथक्करण के प्रति जागरूक किया जाए।
बैठक में जल जीवन मिशन की भी विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने ग्राम पंचायतों में जल वितरण व्यवस्था का सुचारू रूप से संचालन करने के लिए जल वितरण संचालकों की शीघ्र नियुक्ति करने के निर्देश दिए। उन्होंने ‘सुजल घर’ एवं ‘सुजल एप’ के माध्यम से जल आपूर्ति व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने की दिशा में कार्य करने को कहा। कलेक्टर ने स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा करते हुए ग्रामीणों में शौचालय के उपयोग के संबंध में जागरूक करने निर्देशित किया। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री प्रभाकर पाण्डेय, जनपद पंचायत मुंगेली, पथरिया और लोरमी के सीईओ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।