पंचायत समाधान मंच बना ग्रामीण समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम

रायगढ़, 25 मई 2026/sns/- ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे-छोटे विवादों और स्थानीय समस्याओं के त्वरित, सौहार्दपूर्ण और स्थायी समाधान के उद्देश्य से संचालित “पंचायत समाधान मंच” अब ग्रामीणों के लिए भरोसेमंद व्यवस्था के रूप में उभर रहा है। जिले की लगभग 550 ग्राम पंचायतों में गठित यह मंच आपसी संवाद, सामाजिक सहमति और स्थानीय सहभागिता के माध्यम से विवादों कासकारात्मक वातावरण और सामाजिक एकता को भी नई मजबूती भी मिल रही है। निराकरण कर गांवों में शांति, भाईचारा और सामाजिक समरसता को मजबूत कर रहा है।
रायगढ़ जिला प्रशासन की पहल पर पंचायत समाधान मंच के माध्यम से ऐसे मामलों को प्राथमिकता से सुलझाया जा रहा है, जिनका समाधान आपसी समझाइश और सामाजिक सहमति से संभव है। इससे ग्रामीणों को अनावश्यक न्यायालयीन प्रक्रिया, थाना-कचहरी के चक्कर एवं आर्थिक-मानसिक परेशानियों से राहत मिल रही है। इसी क्रम में तहसील खरसिया अंतर्गत ग्राम कलमीपाट में लंबे समय से चले आ रहे रास्ता विवाद एवं सांस्कृतिक मंच निर्माण संबंधी विवाद का सफलतापूर्वक समाधान पंचायत समाधान मंच के माध्यम से कराया गया। बैठक में दोनों पक्षों की बात गंभीरता से सुनी गई तथा राजस्व एवं पंचायत अमले की उपस्थिति में विस्तृत चर्चा की गई। आपसी सहमति और समझाइश के बाद दोनों पक्ष समाधान पर सहमत हुए और गांव में शांति एवं भाईचारा बनाए रखने का भरोसा दिलाया।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर ही विवाद सुलझ जाने से समय और धन दोनों की बचत हो रही है, वहीं अनावश्यक न्यायालयीन परेशानियों से भी राहत मिल रही है। इसी प्रकार विकासखंड लैलूंगा के ग्राम तारागढ़ में पंचायत समाधान मंच के माध्यम से पेयजल समस्या का भी प्रभावी समाधान किया गया। यहां जल जीवन मिशन के तहत निर्मित पानी टंकी में जल आपूर्ति के लिए स्थापित तीन बोर निजी उपयोग में लिए जा रहे थे, जिससे ग्रामीणों को नियमित जलापूर्ति नहीं मिल पा रही थी। मामले को पंचायत समाधान मंच में रखकर राजस्व विभाग एवं जल संसाधन विभाग की मौजूदगी में आम सहमति बनाई गई। इसके बाद सभी बोर में पंप फिट कर टंकी तक जल आपूर्ति शुरू कराई गई।
समाधान के बाद वर्तमान में लगभग 150 परिवारों को नल के माध्यम से उनके घरों तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन की पहल की सराहना करते हुए इसे गांव के लिए बड़ी राहत बताया। जिला प्रशासन ने कहा है कि पंचायत समाधान मंच के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में संवाद आधारित समाधान की संस्कृति विकसित हो रही है। इससे न केवल विवादों का त्वरित निराकरण हो रहा है, बल्कि गांवों में सकारात्मक वातावरण और सामाजिक एकता को भी नई मजबूती भी मिल रही है। इस दौरान राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पंचायत प्रतिनिधि, ग्रामीणजन एवं दोनों पक्षों के सदस्य उपस्थित रहे।

About The Author