सुशासन शिविर में गूंजा स्वच्छता का संदेश
मुंगेली, 25 मई 2026/sns/-/ सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न ग्रामों में क्लस्टर अनुसार समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को सामाग्री प्रदान कर लाभान्वित किया जा रहा है तथा योजनाओं की जानकारी प्रदान की जा रही है। साथ ही ‘स्वच्छ गाँव – स्वच्छ जीवन’ अभियान अंतर्गत ग्रामीणों को स्वच्छता, कचरा पृथक्करण और पर्यावरण संरक्षण हेतु जागरूक भी किया जा रहा है। शिविर में ग्रामीणों को गीले और सूखे कचरे के पृथक्कीकरण, कम्पोस्टिंग और स्वच्छता प्रबंधन के वैज्ञानिक तरीकों की जानकारी दी जा रही है।
इसी कड़ी में विकासखण्ड मुंगेली के ठकुरीकापा क्लस्टर में आयोजित सुशासन शिविर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान कला जत्था के माध्यम से ग्रामीणों और जनसमुदाय को स्वच्छता, कचरा पृथक्करण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में गीत, नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए ग्रामीणों को घर से निकलने वाले चार प्रकार के कचरे को अलग-अलग रखने की जानकारी दी गई। लोगों को समझाया गया कि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के दौरान गीले और सूखे कचरे, सेनेटरी वेस्ट और स्पेशल केयर वेस्ट को अलग-अलग एकत्र कर स्वच्छताग्रही दीदियों को सौंपना आवश्यक है, ताकि कचरे का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन किया जा सके।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को यह भी बताया गया कि कचरा पृथक्करण से गांव स्वच्छ और सुंदर बनेगा, बीमारियों की रोकथाम होगी तथा पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत चलाए जा रहे इस अभियान में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया। जनपद पंचायत के अधिकारियों ने बताया कि जिलेभर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कला जत्था के माध्यम से सरल और रोचक तरीके से लोगों तक संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।