जनसमस्या निवारण शिविर के माध्यम से कौशल्या गौड़ को मिली श्रवण यंत्र की सौगात

दुर्ग, 26 मई 2026/sns/- सुशासन तिहार-2026 के अंतर्गत लगने वाले शिविरों की कड़ी में विगत 23 मई को दुर्ग शहर के पुराना गंज मंडी प्रांगण में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर कई परिवारों के लिए बड़ी राहत लेकर आया। इसी कड़ी में, वार्ड क्रमांक 26 संतरा बाड़ी की निवासी श्रीमती कौशल्या गौड़ भी अपनी समस्या के समाधान की आस लेकर इस शिविर में शामिल हुईं। कौशल्या जी लंबे समय से सुनने की गंभीर समस्या (श्रवण बाधिता) से जूझ रही थीं, जिसके कारण उनका दैनिक जीवन बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया था। आसपास की बातें और अपनों की आवाजें स्पष्ट न सुन पाने के कारण वे सामाजिक और व्यक्तिगत स्तर पर लगातार एकाकीपन और परेशानियों का सामना कर रही थीं। इस शारीरिक असमर्थता का कोई स्थाई समाधान नहीं मिल पा रहा था।
    सुशासन तिहार शिविर ने उनकी इस वर्षों पुरानी तकलीफ को चंद मिनटों में दूर कर दिया। शिविर में उपस्थित अधिकारियों ने कौशल्या जी की समस्या को बेहद गंभीरता से सुना और तत्काल त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें कैबिनेट मंत्री श्री गजेंद्र यादव के हाथों कान की मशीन प्रदान की। आधुनिक श्रवण यंत्र की सहायता से अब वे स्पष्ट रूप से सुनने में सक्षम हो गई हैं, जिससे उनके जीवन में पुनः सकारात्मक बदलाव आया है। इस त्वरित समाधान से गदगद श्रीमती कौशल्या गौड़ ने प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन का सहृदय आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा जमीनी स्तर पर लगाए जा रहे ये शिविर आम जनता के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं, जहां गरीब और जरूरतमंदों की समस्याओं को सुना जाता है और मौके पर ही उनका प्रभावी निराकरण भी किया जाता है। सुशासन तिहार आज अपने नाम को सार्थक करते हुए आम जनता के दुख-दर्द को दूर करने का एक मजबूत और सशक्त माध्यम साबित हुआ है।

About The Author