कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय मिशन लाइफ प्रशिक्षण आयोजित

  • राजनांदगांव, 26 मई 2026/sns/- कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय मिशन लाइफ प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी शामिल हुए। प्रशिक्षण में मिशन लाइफ के विभिन्न घटकों एवं गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी गई।
    कलेक्टर ने कहा कि इस वर्ष मिशन लाइफ की थीम क्लीन एनर्जी पर आधारित है। इसके तहत प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए जिले में 15 मई से 4 जून 2026 तक अभियान चलाकर नागरिकों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने मिशन लाईफ के विभिन्न घटकों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा पर्यावरण संरक्षण एवं सतत जीवनशैली को दैनिक जीवन में अपनाने कहा। उन्होंने कहा कि मिशन लाईफ का उद्देश्य केवल जागरूकता तक सीमित नहीं है, इसे व्यवहार में भी उतारना आवश्यक है। उन्होंने प्रत्येक विभाग को अपने स्तर पर जनजागरूकता गतिविधियां संचालित कर अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के पूर्व आयोजित किए जाने वाले मिशन लाईफ प्री-कैम्पेन अंतर्गत अक्षय ऊर्जा प्रणालियों की स्थापना एवं प्रचार-प्रसार, सौर ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े हितधारकों के साथ समन्वय तथा स्कूल-कॉलेजों में क्विज, निबंध, स्लोगन लेखन एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं के माध्यम से यंग रिन्यूएबल एनर्जी एम्बेसडर तैयार करने निर्देशित किया। उन्होंने सेल्फी विथ सोलर अभियान, मिशन लाइफ शपथ, सोशल मीडिया पर गतिविधियों के प्रचार-प्रसार तथा 4 जून को जिले के प्रत्येक कार्यालय एवं जनसमुदाय के बीच मिशन लाइफ शपथ दिलाने के निर्देश दिए।
    जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह द्वारा मिशन लाइफ अंतर्गत प्रस्तावित विभागवार गतिविधियों की प्रस्तुति दी गई तथा विभागों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया। पंचायत विभाग को ग्राम पंचायत स्तर पर प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रचार-प्रसार, जागरूकता शिविर एवं हितग्राही पंजीयन की जिम्मेदारी दी गई। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से स्व-सहायता समूहों की बैठकों में ऊर्जा बचत एवं सौर ऊर्जा पर चर्चा आयोजित करने कहा। शिक्षा विभाग को विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में पर्यावरण, नवीकरणीय ऊर्जा एवं मिशन लाइफ विषयक ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता आयोजित कर अधिकतम छात्र-छात्राओं का सहभागिता सुनिश्चित करने कहा गया। महिला एवं बाल विकास विभाग को आंगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से बच्चों एवं माताओं के लिए 5 ग्रीन हैबिट्स आधारित जागरूकता गतिविधियां संचालित करने तथा कृषि विभाग को किसानों के मध्य सौर ऊर्जा आधारित कृषि योजनाओं एवं सतत कृषि पद्धतियों के प्रचार-प्रसार हेतु जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की जिम्मेदारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान जल संरक्षण, ऊर्जा बचत, प्लास्टिक उपयोग में कमी, स्वच्छता तथा हरित वातावरण निर्माण जैसे विषयों पर विशेष चर्चा की गई। प्रशिक्षण में सभी अधिकारियों ने मिशन लाइफ के उद्देश्यों को अपने कार्यों एवं जीवनशैली में शामिल करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर श्री प्रेमप्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम डोंगरगढ़ श्री एम भार्गव सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

About The Author