सुशासन तिहार 2026 ग्राम पंचायत बिरीमकेला में हुआ जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन


अम्बिकापुर, 29 मई 2026
/sns/-   राज्य शासन की महत्वाकांक्षी पहल ’सुशासन तिहार 2026’ के अंतर्गत प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से बतौली जनपद पंचायत के ग्राम बिरीमकेला में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया।  इस समाधान शिविर में क्लस्टर के अंतर्गत आने वाली 14 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने भारी संख्या में भाग लिया तथा शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

जन समस्या निवारण शिविर में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती नानमनी पैकरा, जनपद सदस्य प्रीति यादव, सरपंच गण, स्थानीय जनप्रतिनिधि गण शिविर में शामिल हुए। प्रतिनिधियों  ने  ग्रामीणों के मांगों, समस्याओं एवं शिकायतों को सुना और अधिकारियों को समय अवधि में प्राप्त आवेदनों का निराकरण कर आवेदकों को सुचित करने के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशन में प्रशासन एक स्थल पर पहुंच कर जनता की समस्याओं को सुन कर निराकरण कर रहे है। उन्होंने ग्रामीण जनों को कहा कि समस्याओं एवं मांगों को बताए जिससे आपकी समस्याओं को समाधान किया जाएगा।

शिविर में कुल 591 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 87 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को हितग्राही मूलक योजनाओं की जानकारी दी गई तथा विभागीय अधिकारियों द्वारा पात्र हितग्राहियों को लाभ लेने हेतु प्रेरित किया गया।

विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हुए हितग्राहीयों को किया गया सामग्री वितरण

“सुशासन तिहार-2026” अंतर्गत ग्राम पंचायत बिरीमकेला में आयोजित समाधान शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा  हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। शिविर में  जाति प्रमाण पत्र,स्प्रेयर पंप, केसीसी, मनरेगा जॉब कार्ड, नवीन पेंशन स्वीकृति आदेश, नवीन राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, पीएम आवास की चाबी, स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत स्वच्छता वीर सम्मान पत्रक भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों द्वारा शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को नशामुक्ति का शपथ दिलाया गया।साथ ही अन्नप्राशन एवं गोदभराई संस्कार किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती नानमनी पैकरा, जनपद सदस्य प्रीति यादव, सरपंच गण, स्थानीय जनप्रतिनिधि गण जनपद सीईओ श्री एल  एन  सिदार सहित विभागीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे ।

About The Author