किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद बीज वितरण सुनिश्चित कराएं कलेक्टर

बलौदाबाजार, 2 जून 2026/sns/- कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने मंगलवार को समय सीमा की बैठक में योजनाओं के क्रियान्वयन, निर्माण कार्य एवं विभागीय कार्यो की समीक्षा की। उन्होंने खरीफ सीजन में खेती के लिये सभी समितियो के माध्यम से किसानों को आवश्यकता अनुसार गुणवत्तायुक्त खाद -बीज वितरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये।

कलेक्टर श्री शर्मा ने कहा कि 39 नये समिति गठित होने के साथ अब जिले में कुलदीप 168 सहकारी समिति संचालित हैं। सभी सहकारी समितियों में पीओएस मशीन उपलब्ध है जिनके माध्यम से किसानों को खाद -बीज और ऋण वितरण कराएं। उन्होंने समितियो एवं कृषि केंद्रों में किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से खाद -बीज की उपलब्धता हेतु उडनदस्ता दल एवं राजस्व अधिकारियो के द्वारा सघन जांच जारी रखने तथा किसी भी केन्द्र पर अनियमितता पाए जाने पर सम्बंधित के खिलाफ कार्रवाई करने कहा। उन्होंने नैनो यूरिया एवं कीट नाशक के छिड़काव के लिये ड्रोन का उपयोग हेतु समूह की महिलाओ तथा चयनित सहकारी समिति के माध्यम से संचलित करने कहा। जिले में बीज़ उत्पादन के लिये बीज निगम एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को किसानों का पंजीयन एवं आवश्यक मशीनरी को सक्रिय करने के निर्देश दिये।

कलेक्टर ने शिक्षा सत्र 2026-27 अंतर्गत आगामी 15 जून से शुरू हो रहे स्कूलों में पढ़ाई की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन स्कूलों में निर्माण कार्य अधूरे हैं उसे स्कूल खुलने से पहले पूरा कर लिया जाए। सभी स्कूलों में पेयजल, बिजली, शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं कार्यशील हो। रंगाई -पोताई एवं साफ़ -सफाई भी दुरुस्त हो। स्कूल खुलने पर शिक्षकों की उपस्थित अटेंडेंस एप्प में हो। एसडीएम स्कूलों का औचक निरीक्षण करें। उन्होंने शाला प्रवेश उत्सव की तैयारी के भी निर्देश दिये।कलेक्टर ने आगामी शैक्षणिक सत्र में बोर्ड परीक्षा में बेहतर परिणाम लाने के लिये अभी से रणनीति तैयार करने कहा। उन्होंने जिन स्कूलों का रिजल्ट 50 प्रतिशत से कम है उन स्कूलों के प्राचार्य और शिक्षक की समीक्षा बैठक लेने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि आगामी बोर्ड परीक्षा की तैयारी हेतु मॉडल प्रश्न पत्र तैयार कर सभी स्कूलों में हर माह टेस्ट लिया जाए।कमजोर प्रदर्शन वाले बच्चों के लिये रिमेडियल क्लास की व्यवस्था हो। हर माह स्कूलों की प्रगति रिपोर्ट लें।

इस दौरान लंबित राजस्व प्रकरण, सुशासन तिहार के आवेदन, स्वामित्व योजना, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, पीएम आवास, मुख्यमंत्री जनदर्शन, सीपी ग्राम्स सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा की गई।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर अभिषेक गुप्ता, निशा नेताम मड़ावी सहित एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

About The Author