संगम सीएलएफ आतरगाँव में डिजिटल दीदी अभियान के तहत कार्यशाला आयोजित

मोहला, 03 जून 2026/sns/- जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में आकांक्षी विकासखंड अंबागढ़ चौकी के संगम सीएलएफ आतरगाँव में डिजिटल दीदी अभियान के अंतर्गत बिहान दीदी की दुकान संचालिकाओं के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य महिलाओं को वित्तीय साक्षरता, डिजिटल भुगतान, दुकान प्रबंधन तथा साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक एवं सक्षम बनाना था। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर के निर्देशन में आयोजित किया गया। कार्यशाला में सविता साहू (एबीएफ), खगेन्द्र कुमार (माइक्रोसेव कंसल्टेंसी एवं नीति आयोग के डेवलपमेंट पार्टनर), रोहित पाल (वित्तीय साक्षरता केंद्र), परदेशी उसरे (सीएफएल ब्लॉक काउंसलर) तथा एनआरएलएम टीम के सदस्यों ने विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रतिभागियों को वित्तीय साक्षरता, बचत की आदत विकसित करने, बजट प्रबंधन, व्यवसाय संचालन और दुकान प्रबंधन के महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। इसके साथ ही यूपीआई, क्यूआर कोड आधारित भुगतान प्रणाली, डिजिटल लेन-देन की प्रक्रिया एवं क्यूआर कोड ऑनबोर्डिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा पर विशेष सत्र आयोजित किया गया, जिसमें बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के मामलों को देखते हुए विभिन्न प्रकार के साइबर फ्रॉड, उनसे बचाव के उपाय तथा शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।कार्यशाला में बड़ी संख्या में बिहान दीदी की दुकान संचालिकाओं ने सहभागिता की और डिजिटल एवं वित्तीय सेवाओं के अधिकाधिक उपयोग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। प्रतिभागियों ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सशक्तिकरण और वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

About The Author