खाद की समय पर उपलब्धता से बढ़ा किसान का भरोसा

मुंगेली, 03 जून 2026/sns/- किसानों को समय पर कृषि आदान उपलब्ध कराने की शासन की पहल का सकारात्मक असर अब गांवों और खेतों में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। पथरिया विकासखण्ड के ग्राम मोहभट्ठा निवासी किसान चुन्नीलाल पाठक के चेहरे पर भी इस बार खरीफ सीजन को लेकर खास उत्साह है। सहकारी समिति सरगांव के माध्यम से समय पर और पर्याप्त मात्रा में खाद मिलने से उनकी खेती की तैयारियां सुचारू रूप से चल रही हैं। करीब डेढ़ एकड़ भूमि पर खेती करने वाले किसान चुन्नीलाल पाठक ने बताया कि पहले कई बार उर्वरक की उपलब्धता को लेकर चिंता बनी रहती थी। समय पर खाद नहीं मिलने से खेती की योजना प्रभावित होती थी, लेकिन इस वर्ष सहकारी समिति सरगांव से पर्याप्त मात्रा में खाद मिलने के कारण उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
कृषि कार्यों में उर्वरक की समय पर उपलब्धता बेहद महत्वपूर्ण होती है। सहकारी समिति के माध्यम से सहज और सुगम तरीके से खाद मिलने से किसानों का समय, श्रम और अतिरिक्त खर्च बच रहा है। अब किसान पूरे आत्मविश्वास के साथ खरीफ फसल की तैयारी कर रहे हैं और बेहतर उत्पादन की उम्मीद कर रहे हैं। किसान श्री पाठक ने कहा कि शासन द्वारा किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए खाद वितरण की बेहतर व्यवस्था की गई है, जिसका सीधा लाभ खेतों तक पहुंच रहा है। इससे खेती की लागत नियंत्रित रखने और उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों के हित में संचालित योजनाएं और कृषि सुविधाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रही हैं। समय पर खाद उपलब्ध होने से किसानों का आत्मविश्वास बढ़ा है और वे बेहतर फसल उत्पादन की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

About The Author