सुशासन तिहार बना ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए नई उम्मीद का मंच

मुंगेली, 03 जून 2026/sns/- सुशासन तिहार के अंतर्गत विकासखंड लोरमी के ग्राम करूहानार में आयोजित समाधान शिविर ग्रामीण युवाओं के लिए खुशियों की सौगात लेकर आया। शिविर के दौरान उपमुख्यमंत्री श्री अरूण साव ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को सामाग्री प्रदान कर लाभान्वित किया। इसी क्रम में ग्राम करूहानार की टीम-11 को क्रिकेट किट प्रदान की गई, जिससे गांव के युवा खिलाड़ियों में उत्साह की नई लहर दौड़ गई। ग्राम के युवाओं ने बताया कि अब तक वे सीमित संसाधनों के बीच क्रिकेट का अभ्यास करते थे। पर्याप्त खेल सामग्री नहीं होने के कारण खिलाड़ियों को कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। कई बार पुराने और अनुपयुक्त उपकरणों से ही अभ्यास करना पड़ता था, जिससे खेल के प्रति उनका उत्साह प्रभावित होता था।
क्रिकेट किट मिलने के बाद खिलाड़ियों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। युवाओं ने कहा कि अब उन्हें बेहतर अभ्यास का अवसर मिलेगा और वे अपनी प्रतिभा को निखारते हुए विकासखण्ड, जिला तथा राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे। खिलाड़ियों ने कहा कि यह सहयोग उनके लिए केवल खेल सामग्री नहीं, बल्कि उनके सपनों को नई उड़ान देने वाला प्रेरणास्रोत है। ग्रामीणों ने राज्य शासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की योजनाएं सीधे आम लोगों तक पहुंच रही हैं। खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने से गांव के युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होगी। क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने उपमुख्यमंत्री श्री साव एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की इस पहल से ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा और गांव के युवा खेल के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित कर सकेंगे।

About The Author