जिला चिकित्सालय में 134 प्रकार की स्वास्थ्य जांचें निःशुल्क उपलब्ध

मुंगेली, 05 जून 2026/sns/- राज्य शासन द्वारा जिला चिकित्सालय में आमजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अटल आरोग्य लैब संचालन किया जा रहा है। आरोग्य लैब में मरीजों को 134 प्रकार की विभिन्न जांच सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे जिले के हजारों नागरिकों को समय पर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य लाभ मिल रहा है। मुख्य चिकितसा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि अटल आरोग्य लैब में सामान्य एवं नियमित रक्त परीक्षण, शुगर, लिपिड प्रोफाइल, थायरॉइड, एलएफटी, आरएफटी, वायरल मार्कर, सीरम इलेक्ट्रोलाइट, ट्रोपोनिन-टी, हार्माेन एवं विटामिन जांच जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री गिरीश कुर्रे ने बताया कि टायफाइड, मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, इम्यूनोग्लोबिन केंसर एवं ट्यूमर मार्कर, कोआबुलेशन टेस्ट, मल जांच, बायोप्सी जांच, कल्चर एवं सेंसेटिविटी टेस्ट, ब्लड गैस एनालिसिस, सेरोलॉजी जांच, पेशाब जांच तथा सीमेन (वीर्य) जांच सहित अनेक महत्वपूर्ण जांचें भी निःशुल्क की जा रही हैं। सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. एम.के.रॉय ने बताया कि अत्याधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षित विशेषज्ञों की उपलब्धता से मरीजों को अब निजी लैबों पर निर्भर नहीं रहना पड़ रहा है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को बड़ी राहत मिली है तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उनके घर के नजदीक उपलब्ध हो रही हैं, इससे आम नागरिकों को बेहतर उपचार और समय पर जांच की सुविधा मिल रही है।

About The Author