कलेक्टर श्री अजीत वसंत की अध्यक्षता में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक संपन्न
अम्बिकापुर, 09 जून 2026/sns/- कलेक्टर श्री अजीत वसंत की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय- सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने डीएमएफ अंतर्गत निर्माण कार्यों की स्थिति की विभागवार जानकारी ली तथा समय- सीमा पर पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री वसंत ने जिले में सुचारू रूप से राशन वितरण के सम्बन्ध में सभी एसडीएम को पीडीएस संचालकों की बैठक लेने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जनपद पंचायत सीईओ को नवीन स्वीकृत विद्यालय भवनों का लेआउट गुरुवार तक करवाने कहा। साथ ही बोरवेल खनन की समीक्षा करते हुए उन्होंने शेष सभी बोरवेल का कार्य 7 दिवस में पूर्ण करने के निर्देश दिए, उन्होंने कहा कि जहां बोरवेल खनन का कार्य हो गया है वहां हैंडपम्प भी लगाया जाए। इस दौरान पूर्व बैठक एवं निरीक्षणों में दिए गए निर्देशों के प्रगति की समीक्षा की गई तथा क्रियान्वयन की जानकारी ली गई। बैठक में जनदर्शन, जन चौपाल, जन शिकायत, पीजी पोर्टल आदि पर समीक्षा की गई। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री सुनील नायक एवं श्री रामसिंह ठाकुर, नगर निगम कमिश्नर श्री डी एन कश्यप सहित सम्बंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
सुशासन तिहार अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की हुई समीक्षा-
बैठक में सुशासन तिहार के अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविरों में प्राप्त आवेदनों मांग एवं शिकायतों की विभागवार समीक्षा की गई। उन्होंने पूर्व शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा की तथा शेष आवेदनों को 25 जून तक गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागों से सम्बंधित आवेदनों की स्थिति की रैंडम जांच की जाएगी।
प्रभारी मंत्री के दिए निर्देशों का समय सीमा में अमल करने विभागों को दिए निर्देश–
कलेक्टर श्री वसंत ने कहा कि वित्त एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री ओ पी चौधरी द्वारा समीक्षा बैठक में विभागों को दिए गए निर्देशों पर आवश्यक कार्यवाही शुरू करें। उन्होंने सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने कहा। उन्होंने जिले में पेयजल, बिजली, सड़क की समस्या को प्राथमिकता के साथ निराकृत करने के निर्देश दिए। राजस्व अधिकारी त्रुटि सुधार सम्बन्धी प्रकरणों का निराकरण में तेजी लाएं। सीएमएचओ को जिले में संचालित एडवांस लाइफ सपोर्ट का बेहतर संचालन सुनिश्चित करने कहा गया, उन्होंने एम्बुलेंस की उपलब्धता की भी जानकारी ली। उन्होंने महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों को सुकन्या समृद्धि योजना के खाते में राशि का उपयोग करने प्रेरित करने महिला एवं बाल विकास अधिकारी को निर्देशित किया। कलेक्टर ने खाद बीज विक्रेताओं की जांच कर कालाबाजारी या गड़बड़ी करने वालों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभारी मंत्री के द्वारा दिए गए निर्देशों पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित कर जानकारी भेजें, सभी विभाग गम्भीरता से कार्य करें।