कौड़ूटोला पीडब्ल्यूएमयू यूनिट दे रहा पर्यावरण संरक्षण और रोजगार को नई दिशा
मोहला, 9 जून 2026/sns/- जिले के विकासखंड अंबागढ़ चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत कौड़ूटोला स्थित रीपा परिसर में संचालित प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट आज क्षेत्र में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं ग्रामीण आजीविका का प्रेरणादायी केंद्र बनकर उभर रहा है। गत दिवस कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने यूनिट का निरीक्षण कर यहां संचालित गतिविधियों की सराहना की तथा इसे ग्रामीण क्षेत्रों में प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन का उत्कृष्ट मॉडल बताया। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्रीमती भारती चंद्राकर, एसडीएम मोहला श्री हेमेंद्र भुआर्य एवं जनपद पंचायत अंबागढ़ चौकी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती प्रियवदा रामटेके भी उपस्थित रहीं। अधिकारियों ने यूनिट में प्लास्टिक कचरे के संग्रहण, प्रसंस्करण एवं पुनर्चक्रण की प्रक्रिया का अवलोकन किया और इसे और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। यूनिट में वेल्डिंग मशीन, थ्रेडर मशीन, इग्लू मशीन एवं फटका मशीन के माध्यम से प्लास्टिक कचरे का वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण किया जाता है। यहां ग्रामों के ठोस अपशिष्ट प्रबंधन शेडों तथा बड़े-छोटे कबाड़ विक्रेताओं से प्लास्टिक कचरा एकत्रित किया जाता है। प्लास्टिक बोतलों की बेलिंग तथा हार्ड प्लास्टिक को गलाकर प्लास्टिक दाना (ग्रैन्यूल्स) तैयार किया जाता है, जिससे कचरे को उपयोगी संसाधन में परिवर्तित किया जा रहा है। विशेष बात यह है कि ग्राम पंचायत सोनसायटोला के जय मां दंतेश्वरी स्व सहायता समूह द्वारा इस यूनिट का सफल संचालन किया जा रहा है। समूह न केवल प्लास्टिक कचरे का प्रबंधन कर रहा है, बल्कि ग्रामीणों से उचित मूल्य पर प्लास्टिक कचरा खरीदकर उन्हें स्वच्छता अभियान से भी जोड़ रहा है। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय महिलाओं एवं ग्रामीणों को आजीविका के नए अवसर प्राप्त हो रहे हैं। कौड़ूटोला का यह प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट स्वच्छ भारत मिशन , ग्रामीण के उद्देश्यों को साकार करते हुए संसाधनों के पुनर्चक्रण, स्वच्छ वातावरण निर्माण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यह मॉडल अन्य ग्राम पंचायतों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रहा है और स्वच्छ, हरित एवं आत्मनिर्भर गांवों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।