राष्ट्रीय एड्स एवं एसटीडी नियंत्रण कार्यक्रम जिला स्तरीय मासिक समन्वय एवं समीक्षा बैठक आयोजित
मुंगेली, 10 जून 2026/sns/- जिले में राष्ट्रीय एड्स एवं एसटीडी नियंत्रण कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय मासिक समन्वय एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने की। बैठक में जिला एड्स नियंत्रण अधिकारी डॉ. सुदेश कुमार रात्रे सहित जिले के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कार्यक्रम प्रबंधक, परामर्शदाता, लैब तकनीशियन एवं विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं से जुड़े कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में राष्ट्रीय एड्स एवं एसटीडी नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत निर्धारित 95-95-95 लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए व्यापक रणनीति पर चर्चा की गई। जिला एड्स नोडल अधिकारी ने पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से एचआईवी संक्रमण की रोकथाम, समय पर जांच, उपचार एवं फॉलोअप की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने जिले में एचआईवी एवं यौन संचारित रोगों की रोकथाम के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने तथा जांच सुविधाओं का अधिकतम लाभ लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और उपचार से संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
बैठक में एचआईवी संक्रमित सभी मरीजों को एंटी रेट्रोवायरल थेरेपी (एआरटी) से जोड़ने तथा उपचार से छूटे मरीजों की पुनः पहचान कर उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के निर्देश दिए गए। साथ ही टीबी एवं एचआईवी की संयुक्त जांच को अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि दोनों बीमारियों की समय रहते पहचान और उपचार किया जा सके। स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक जनसुलभ बनाने के लिए सीएमएचओ ने कार्यालय परिसर में क्यूआर कोड आधारित सूचना प्रणाली विकसित करने के निर्देश भी दिए, जिससे आमजन स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकें। बैठक में अप्रैल एवं मई माह के दौरान जिले में चिन्हित एचआईवी संक्रमित मरीजों की समीक्षा की गई तथा उपचार से वंचित मरीजों के नियमित फॉलोअप के लिए कार्ययोजना तैयार की गई।