उर्वरक दुकानों पर कृषि-राजस्व विभाग का औचक निरीक्षण
बीजापुर, 10 जून 2026/sns/- कलेक्टर श्री विश्वदीप के निर्देशानुसार कृषि विभाग एवं राजस्व विभाग के संयुक्त दल द्वारा जिले के निजी उर्वरक विक्रेताओं तथा सरकारी समितियों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विकासखंड भोपालपटनम के ग्राम मद्देड़ स्थित मेसर्स लक्ष्मी मार्केटिंग एवं बालाजी ट्रेडर्स एंड जनरल स्टोर में उपलब्ध उर्वरकों का भौतिक सत्यापन किया गया। संयुक्त दल ने दुकानों में उपलब्ध 20-20-0-13, यूरिया एवं टी.एस.पी. उर्वरकों के पास मशीन में दर्ज स्टॉक का भौतिक स्टॉक से मिलान किया। साथ ही उर्वरक विक्रय से संबंधित दस्तावेजों जैसे अनुज्ञप्ति प्रमाण-पत्र, ओ-फॉर्म की वैधता तथा निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रतिष्ठानों के बीज विक्रय लाइसेंस, स्रोत प्रमाण-पत्र एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों का भी परीक्षण किया गया। जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं पाई गई और सभी दस्तावेज नियमानुसार पाए गए। गुणवत्ता परीक्षण के उद्देश्य से विक्रय केंद्रों में उपलब्ध भंडारण से एक यूरिया तथा धान बीज के तीन नमूने संग्रहित किए गए, जिन्हें परीक्षण हेतु भेजा जाएगा। निरीक्षण दल में उग्रेश कुमार देवांगन एवं कृष्णा सिन्हा, सहायक संचालक कृषि तथा लक्ष्मण कुमार राठिया, तहसीलदार भोपालपटनम उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि किसानों को गुणवत्तायुक्त कृषि आदान उपलब्ध कराने एवं कालाबाजारी पर रोक लगाने के उद्देश्य से इस प्रकार की जांच आगे भी जारी रहेगी।