मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शिकायतों के त्वरित निराकरण हेतु अधिकारियों को मिला विशेष प्रशिक्षण
बीजापुर, 10 जून 2026/sns/- मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के प्रभावी क्रियान्वयन एवं शिकायतों के समयबद्ध निराकरण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला एवं विकासखंड स्तर पर नामांकित अधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार, 08 जून 2026 को अपरान्ह 4ः00 बजे से 5ः00 बजे तक आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में राज्य स्तर से गठित प्रशिक्षण दल द्वारा अधिकारियों को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन योजना के तकनीकी एवं कार्यात्मक पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान शिकायत पंजीयन प्रक्रिया, शिकायतों के निराकरण की कार्यवाही, पोर्टल संचालन, समय-सीमा प्रबंधन तथा अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण दल ने अधिकारियों को व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से पोर्टल के प्रभावी उपयोग, शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समाधान तथा नागरिक संतुष्टि सुनिश्चित करने के उपायों से अवगत कराया। साथ ही शिकायतों के त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के लिए निर्धारित प्रक्रियाओं, जिम्मेदारियों एवं कार्यप्रणाली की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए प्रशिक्षण प्राप्त किया और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के सफल संचालन के लिए आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक ज्ञान अर्जित किया। अधिकारियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे शिकायतों के बेहतर प्रबंधन, पारदर्शी कार्यप्रणाली तथा आम नागरिकों को त्वरित राहत प्रदान करने में मदद मिलेगी। प्रशासन का उद्देश्य मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है, जिससे शासन के प्रति नागरिकों का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।