आयुर्वेदिक उपचार से गठिया रोग से मिली राहत अब दर्द से निजात

बीजापुर, 10 जून 2026/sns/- ग्राम लंकापल्ली इलमिड़ी निवासी 49 वर्षीय श्रीमती वाटी ककेम लंबे समय से गठिया रोग से पीड़ित थीं। बीमारी के कारण उन्हें जोड़ों में दर्द और दैनिक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने सरकारी अस्पताल से उपचार भी कराया, लेकिन अपेक्षित लाभ नहीं मिल सका। इसी दौरान उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इलमिड़ी में पदस्थ डॉ. सुब्रत कुमार बेहरा से संपर्क कर अपनी समस्या बताई। चिकित्सकीय परामर्श के बाद उन्हें आयुर्वेदिक औषधियां जैसे महायोगराज गुग्गुल, महानारायण तेल एवं सर्पगंधा वटी प्रदान की गईं। साथ ही मदिरा, तैलीय एवं मसालेदार खाद्य पदार्थों से परहेज करने तथा संतुलित आहार में चावल, रोटी, दाल और हरी सब्जियों का नियमित सेवन करने की सलाह दी गई।
श्रीमती वाटी ककेम ने चिकित्सकीय परामर्श का पालन करते हुए नियमित रूप से आयुर्वेदिक औषधियों का सेवन किया। उपचार के कुछ समय बाद उनके स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार हुआ और गठिया से होने वाले दर्द एवं असुविधा से राहत मिली। उन्होंने आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर मिले उपचार और उचित मार्गदर्शन से उन्हें नई उम्मीद और बेहतर स्वास्थ्य प्राप्त हुआ है।

About The Author