माननीय मुख्यमंत्री जी के चौपाल के दौरान ग्रामीणों की मांग को प्राथमिकता से पूरा करें

बीजापुर, 10 जून 2026/sns/- कलेक्टर श्री विश्वदीप ने साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री के कोण्डापल्ली चौपाल कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों द्वारा रखी गई जनसुविधाओं से जुड़ी मांगों को सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में पूरा किया जाए।
बैठक में कलेक्टर ने बताया कि कोण्डापल्ली एवं आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने बिजली, पेयजल, राशन दुकान, धान उपार्जन केंद्र, सड़क, खेल मैदान सहित विभिन्न मूलभूत सुविधाओं की मांग रखी थी। उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यों की स्वीकृति लेकर गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सुशासन तिहार के दौरान मुख्यमंत्री समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने तथा विकास कार्यों में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों में प्राप्त मांग एवं शिकायत संबंधी आवेदनों का अधिकतम दो दिवस के भीतर निराकरण कर इसकी जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में बस्तर मुन्ने अभियान के तहत पटवारी, सचिव, स्वास्थ्य विभाग, बीएलओ एवं अन्य मैदानी अमले को शत-प्रतिशत सैचुरेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा जल जीवन मिशन, स्वास्थ्य, शिक्षा, आदिवासी विकास सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कलेक्टर ने सभी निर्माणाधीन कार्यों को वर्षा ऋतु प्रारंभ होने से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश भी दिए, ताकि आमजन को योजनाओं का समय पर लाभ मिल सके।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे,अपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर श्री जागेश्वर कौशल सहित जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारी, सभी अनुभागों के एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, जनपद पंचायतों के सीईओ, तहसीलदार एवं नगरीय निकायों के सीएमओ उपस्थित रहे।

About The Author