सुकमा में समर कैम्प का भव्य समापन सांसद श्री महेश कश्यप ने बढ़ाया बच्चों का हौसला
सुकमा, 15 जून 2026/sns/- पी.एम. श्री. शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (सेजेस) में आयोजित बहुप्रतीक्षित समर कैम्प का सोमवार को गरिमामयी माहौल में सफलतापूर्वक समापन हो गया। इस विशेष समापन समारोह में बस्तर क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद महेश कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन एवं विकास समिति के सम्मानित सदस्यों, समर्पित शिक्षकों और ऊर्जावान विद्यार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे पूरे परिसर में उत्सव सा माहौल नजर आया।
समापन के अवसर पर समर कैम्प के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा सीखी गई विभिन्न विधाओं और उनकी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों के भीतर छिपे इस हुनर को देखकर माननीय सांसद महोदय भावविभोर हो उठे। उन्होंने बच्चों की रचनात्मकता और कौशल की खुलकर सराहना करते हुए उनका जमकर हर्षवर्धन एवं उत्साहवर्धन किया। सांसद कश्यप ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहें, बल्कि शिक्षा, खेल, कला और अन्य सृजनात्मक गतिविधियों में भी निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सुकमा का नाम रोशन करें।
इस समर कैम्प को बच्चों के लिए यादगार और ज्ञानवर्धक बनाने में विद्यालय के स्टाफ और प्रबंधन ने कोई कसर नहीं छोड़ी। कार्यक्रम के अंत में कैम्प के सफल और प्रभावी आयोजन के लिए सभी शिक्षकों, ैडक्ब् सदस्यों एवं सहयोगी कर्मचारियों के अथक योगदान व मेहनत की विशेष रूप से प्रशंसा की गई। अंततः, नन्हे-मुन्ने बच्चों के चेहरों पर बिखरी मुस्कान और उनके उज्ज्वल भविष्य की ढेरों शुभकामनाओं व मंगलकामनाओं के साथ इस शानदार समर कैम्प का समापन हुआ। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि श्री अरुण सिंह भदौरिया, जनप्रतिनिधि श्री धनीराम बारसे तथा पार्षदगण उपस्थित थे।