सुशासन तिहार बना राहत का माध्यम 15 पंचायतों के ग्रामीणों को मिला लाभ
\सुकमा, 15 जून 2026/sns/- मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत सुकमा जिले के छिंदगढ़ विकासखंड स्थित कुकानार में क्लस्टर स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 15 पंचायतों के बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। शिविर ने ग्रामीणों को शासन से सीधे जोड़ने का सशक्त माध्यम बनकर उनकी वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी मांगों और शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया, जिससे लोगों में उत्साह और विश्वास का माहौल देखने को मिला।
शिविर में ग्रामीणों को मौके पर ही जाति, निवास, जन्म प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, बी-1 एवं खसरा जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज उपलब्ध कराए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार की सुविधा भी प्रदान की गई। कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशानुसार चयनित दो कोटवार अभ्यर्थियों को एसडीएम श्री पी.वी. खेस ने नियुक्ति आदेश सौंपे। गांव में ही सभी सुविधाएं मिलने से ग्रामीणों का समय और धन दोनों बचा तथा उन्हें सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत मिली।
सुशासन तिहार केवल शासकीय सेवाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सामाजिक सरोकारों का भी जीवंत उदाहरण बना। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक गोद भराई तथा बच्चों के अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिससे शिविर में आत्मीयता और उत्सव का वातावरण बना। ग्रामीणों ने इस पहल की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि पहली बार शासन उनके घर-आंगन तक पहुंचा है। दूरस्थ क्षेत्रों में आयोजित ऐसे शिविर प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करते हुए समावेशी विकास और जनकल्याण की नई मिसाल स्थापित कर रहे हैं। शिविर में जिला पंचायत सदस्य श्री हुंगाराम मरकाम, जनप्रतिनिधि श्री आयतार मंडावी, जनपद सदस्य और जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।