किसानों को आवश्यकता के मुताबिक खाद एवं बीज की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए संभाग आयुक्त श्री राठौर
दुर्ग, 16 जून 2026/sns/- संभाग आयुक्त श्री एस.एन. राठौर ने आज संभागीय कार्यालय में संभाग स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली और कामकाज की समीक्षा की उन्होंने कहा कि संभाग के सभी जिलों में किसानों को खरीफ बीज और खाद की उपलब्धता आवश्यकतानुसार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संभाग में खाद बीज की उपलब्धता की जानकारी ली। संयुक्त संचालक कृषि ने अवगत कराया कि दुर्ग संभाग में 79 प्रतिशत लक्ष्य के विरूद्ध 70 प्रतिशत खाद का भण्डारण किया गया है। अब तक 49 प्रतिशत खाद का वितरण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि संभाग के सभी जिलों में खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता है। वर्तमान में यूरिया एवं अन्य उर्वरकों का वितरण शासन के निर्देशानुसार किया जा रहा है। फसलों की आवश्यकताओं के आधार पर यूरिया की आवश्यकता तीन किस्तों में होती है। इसलिए दीर्घ श्रेणी के कृषकों को यूरिया दो किस्तों में उर्वरकों का वितरण किया जा रहा है तथा लघुु श्रेणी के कृषकों को यूरिया का वितरण रकबे के आधार पर एकमुश्त किया जा रहा है। संभाग में 81 प्रतिशत बीज का भण्डारण है। बीज निगम द्वारा किसानों के मांग के अनुरूप 50 प्रतिशत प्रमाणित बीज का वितरण किया जा चुका है। अब तक किसी भी प्रकार की शिकायते नहीं आई हैं। धान की किस्म स्वर्णा और एमटीयू-1001 की मांग ज्यादा हो रही है।
संभाग आयुक्त श्री राठौर ने संभाग के जलाशयों में पानी की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने मानसून को ध्यान में रखते हुए जलाशयों के पानी सिंचाई हेतु उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। संभाग आयुक्त ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से कहा कि आज से स्कूल खुलने के साथ ही सुनिश्चित किया जाए कि स्कूलों की व्यवस्था बेहतर हो। बच्चों को मध्यान्ह भोजन हेतु शहरों की भांति गांवों में भी अक्षय पात्र की सेवाएं दी जा सकती है। संभाग आयुक्त ने जल जीवन मिशन अंतर्गत समूह जल प्रदाय योजना अंतर्गत गांवों में पेय जल उपलब्धता पर जोर देते हुए अधिकारियों को कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालयों में ई-ऑफिस प्रणाली के तहत ही कार्य संपादित कराने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया। इसी प्रकार सुशासन तिहार के अंतर्गत अधीनस्त कार्यालयों को प्राप्त आवेदनों का भी गुणवत्ता पूर्वक निराकरण कराने के निर्देश दिए। बैठक में उपायुक्त (राजस्व) श्री पदुमलाल यादव और उपायुक्त (विकास) श्री संतोष ठाकुर एवं समस्त विभाग के संभाग स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।