अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिला स्तरीय भव्य ’योग संगम’ का आयोजन

दुर्ग, 16 जून 2026/sns/- भारत सरकार आयुष मंत्रालय, नई दिल्ली के दिशा-निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन में आगामी 21 जून 2026 को ’योग संगम’ एवं ’योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ थीम पर जिला स्तरीय योग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम मालवीय नगर चौक स्थित ’खालसा पब्लिक स्कूल’ में सुबह 07.00 बजे से 07.45 बजे के मध्य आयोजित होगा। कलेक्टर श्री सिंह ने कार्यक्रम की सफलता और व्यवस्थाओं के सुचारू प्रबंधन के लिए विभिन्न विभागों के आला अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। जिसके अनुसार जिला पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री बजरंग दुबे को संपूर्ण कार्यक्रम का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री हरवंश सिंह मिरी को कानून व्यवस्था, संपूर्ण तैयारी और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का दायित्व सौंपा गया है, वहीं संयुक्त कलेक्टर एवं प्रोटोकॉल अधिकारी के रूप में वे मुख्य अतिथि एवं जनप्रतिनिधियों को आमंत्रण कार्ड वितरण का कार्य भी संभालेंगे। शहरी व्यवस्थाओं की कमान आयुक्त (नगर पालिक निगम) श्री सुमित अग्रवाल को दी गई है, जिन्हें स्टेडियम में मैदान की सफाई, गद्दे, टेंट, दरी की व्यवस्था, भौतिक ढांचा, वीडियो व फोटोग्राफी, माइक तथा शौचालय जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी श्री अरविन्द मिश्रा को मंचीय संचालन हेतु उद्घोषिका (एनाउंसर) की व्यवस्था करने, योग प्रशिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा सभी शैक्षणिक संस्थाओं के कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं, स्काउट गाइड और एनएसएस के छात्रों की भागीदारी तय करने का जिम्मा मिला है।कार्यपालन अभियंता (लोक निर्माण विभाग) श्री आशीष भट्टाचार्य को आमंत्रण पत्र कार्ड प्रिंटिंग, मंच निर्माण और मंचीय बैनर व्यवस्था का प्रभार दिया गया है। चिकित्सा संबंधी आपात स्थितियों के लिए सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. आशीषन मिंज को चिकित्सकीय टीम एवं एम्बुलेंस तैनात रखने की जिम्मेदारी दी गई हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग के श्री आर. के. जामुलकर को आंगनबाड़ी केंद्रों व बाल आश्रमों से जुड़े लोगों को कार्यक्रम में शामिल करने हेतु निर्देशित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उच्च शिक्षा विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. प्रदीप जांगड़े को सभी महाविद्यालयों में योग कार्यक्रम आयोजित कराने तथा छात्र-छात्राओं को जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में शामिल करने हेतु निर्देशित करने को कहा गया है।
  इसके अतिरिक्त, खाद्य अधिकारी श्री अनुराग भदौरिया को विशिष्ट अतिथियों और योग दिवस में सम्मिलित होने वाले प्रतिभागियों के लिए पौष्टिक स्वल्पाहार (नाश्ते) की व्यवस्था करने का दायित्व मिला है। पेयजल व्यवस्था के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री उत्कर्ष पाण्डेय को मिनरल वाटर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी मर्यादित (नगरीय क्षेत्र दुर्ग) के कार्यपालन अभियंता श्री आर. के. दानी को बिजली एवं जनरेटर की पुख्ता व्यवस्था करने को कहा गया है। प्रचार-प्रसार और समन्वय के मोर्चे पर, जिला खेल अधिकारी श्री एल्बिश एक्का जिला स्तरीय कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी संभालेंगे। उद्यानिकी विभाग के उपसंचालक श्री एन. एस. लावात्रे जनप्रतिनिधियों के स्वागत हेतु बुके और पर्याप्त संख्या में गमले व फूलों की व्यवस्था करेंगे। जनसम्पर्क विभाग के संयुक्त संचालक श्री एम.एस. सोरी समाचार पत्रों और समाचार चैनलों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के व्यापक प्रचार-प्रसार का कार्य सभालेेंगे। उपसंचालक समाज कल्याण विभाग श्री अखण्ड प्रताप गौतम तथा जिला आयुष अधिकारी डॉ. दिनेश चंद्रवंशी को आयुष विभाग से आवश्यक समन्वय स्थापित कर योग के इस गरिमामय कार्यक्रम को निर्धारित समय सीमा के भीतर सकुशल संपन्न कराने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

About The Author