जनदर्शन जनदर्शन में सुनी गईं आमजनों की समस्याएं
मुंगेली, 16 जून 2026/sns/-जिला कलेक्टोरेट में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में आज जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार आयोजित जनदर्शन में डिप्टी कलेक्टर श्री मायानंद चंद्रा ने आमजनों की मांगों एवं समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। जनदर्शन में 90 से अधिक नागरिकों ने आवास, शौचालय, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आधार कार्ड, पेयजल, भूमि संबंधी समस्याओं सहित विभिन्न जनहित के मुद्दों पर आवेदन प्रस्तुत किए। प्रशासन द्वारा प्रत्येक आवेदन का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
कार्यक्रम के दौरान विकासखंड लोरमी के ग्राम नवागांव टेल्का निवासी ओमप्रकाश ग्वाले ने भूमि डायवर्सन कराने, ग्राम धनगांव चालान के सोनू श्रीवास ने नल-जल योजना के तहत कनेक्शन एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने, पथरिया विकासखंड के ग्राम कपुवा निवासी समीर पाल ने आधार कार्ड बनवाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। इसी प्रकार ग्राम केशरूवाडीह के ग्रामीणों ने सीसी रोड निर्माण, ग्राम सिंगबांधा की सोनी साहू ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, ग्राम बघमार के अमर दास कोसले ने भूमिहीन मजदूर किसान कल्याण योजना का लाभ प्रदान करने, ग्राम फरहदा के हरि सिंह ध्रुव ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन स्वीकृत कराने, ग्राम पीथमपुर के विकास जांगड़े ने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय निर्माण तथा ग्राम मनकी के सीताराम ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग की। प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।