एसडीएम ने की शिक्षा, आवास, जल और स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की समीक्षा

मुंगेली, 16 जून 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार अनुविभाग अधिकारी राजस्व पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा ने विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं प्रशासनिक कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने तथा आमजन से जुड़े मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम ने स्कूल प्रवेश उत्सव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि कोई भी पात्र बच्चा विद्यालय में प्रवेश से वंचित न रहे। उन्होंने अधिकारियों को प्रवेश अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने तथा विद्यालयों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जाति प्रमाण पत्र निर्माण एवं वितरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने और विद्यार्थियों एवं जरूरतमंद हितग्राहियों को समय पर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
एसडीएम ने प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना, जल जीवन मिशन एवं प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा पात्र हितग्राहियों को अधिकाधिक लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद्यान्न भंडारण की स्थिति का भी जायजा लिया और आगामी मानसून को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में आगामी बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए आपदा प्रबंधन एवं राहत तैयारियों पर विशेष चर्चा की गई। एसडीएम ने संबंधित विभागों को संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बरतने तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शासकीय अस्पतालों में दवाइयों की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक जीवनरक्षक एवं सामान्य दवाइयों का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम ने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में विभिन्न विभागों के विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा ने सभी अधिकारियों से समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने निर्देशित किया।

About The Author