मौसमी बीमारियों से बचाव की तैयारी तेज

मुंगेली, 16 जून 2026/sns/- जिले में संभावित मौसमी और संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. गिरीश कुर्रे ने अचानकमार टाइगर रिजर्व (एटीआर) क्षेत्र के दूरस्थ स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता तथा बरसात पूर्व तैयारियों का व्यापक जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शिवलखार, अचानकमार, छपरवा और लमनी क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्रों का भ्रमण किया। स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध दवाओं, वार्डों, प्रसव कक्षों तथा स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का परीक्षण किया गया। साथ ही मितानिनों के घर पहुंचकर दवा पेटियों का निरीक्षण किया गया और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, समय पर अस्पताल संचालन, स्वास्थ्य कर्मियों की मुख्यालय में उपस्थिति तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जहां भी कमियां मिलीं, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्यवाही के निर्देश जारी किए गए। डीपीएम श्री गिरीश कुर्रे ने बताया कि बरसात के मौसम में डायरिया, मलेरिया, डेंगू, टाइफाइड और अन्य जलजनित रोगों की आशंका को देखते हुए विशेष निगरानी रखी जा रही है। जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में त्वरित कार्यवाही के लिए कंट्रोल एवं रिस्पांस टीमों का गठन किया गया है। आवश्यक दवाओं, एंटी रैबीज वैक्सीन और एंटी स्नेक वेनम का पर्याप्त भंडारण भी सुनिश्चित किया गया है। ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने, पानी उबालकर पीने, घरों के आसपास जलभराव नहीं होने देने तथा मच्छरदानी के नियमित उपयोग की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा पंचायतों और मितानिनों के माध्यम से जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि बरसात के मौसम में बीमारियों के प्रसार को रोका जा सके।

About The Author