बाल श्रमिकों और भिक्षावृत्ति के शिकार बच्चों को मिलेगा नया सहारा

मुंगेली, 16 जून 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले में बाल श्रमिकों, अपशिष्ट संग्राहकों, भिक्षावृत्ति एवं मादक पदार्थों के शिकार बच्चों के सर्वेक्षण, रेस्क्यू और पुनर्वास के लिए 30 जून विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिला बाल संरक्षण इकाई, श्रम विभाग, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा जिले के सभी विकासखंडों में अभियान चलाकर ऐसे बच्चों की पहचान की जा रही है, जो सड़क, झुग्गी-बस्तियों, सार्वजनिक स्थलों या अन्य असुरक्षित परिस्थितियों में जीवनयापन कर रहे हैं। चिन्हित बच्चों को संरक्षण प्रदान करते हुए उनके पुनर्वास और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। अभियान के तहत होटल, ढाबा, फैक्ट्री, चौक-चौराहों, धार्मिक स्थलों, स्लम क्षेत्रों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती संजुला शर्मा ने बताया कि ऐसे बच्चे अक्सर भोजन, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहते हैं तथा आर्थिक, लैंगिक शोषण और मानव तस्करी जैसी गंभीर चुनौतियों के प्रति अधिक संवेदनशील होते हैं। जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्रीमती अंजुबाला शुक्ला ने नागरिकों से अनाथ, असहाय अथवा सड़क जैसी परिस्थितियों में जीवनयापन कर रहे बच्चे, जिसकी देखरेख और संरक्षण नहीं हो पा रहा हो, तो इसकी सूचना तत्काल ग्राम सरपंच, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, बाल कल्याण समिति, जिला बाल संरक्षण इकाई अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर देने कहा है।

About The Author