जिला कलेक्टर ने पदक विजेता खिलाड़ियों का किया सम्मान वितरित किए प्रोत्साहन राशि के चेक
बीजापुर, 17 जून 2026/sns/- एसजीएफआई स्कूल सॉफ्टबॉल नेशनल गेम्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश को गौरवान्वित करने वाले बीजापुर जिले के खिलाड़ियों का जिला कलेक्टर श्री विश्वदीप द्वारा सम्मान किया गया। इस अवसर पर पदक विजेता खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि के चेक वितरित किए गए। ज्ञात हो कि एसजीएफआई स्कूल सॉफ्टबॉल नेशनल गेम्स में प्रदेश की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक हासिल किए थे। इन टीमों में शामिल बीजापुर के खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह में स्वर्ण पदक विजेता लक्ष्य निषाद को ₹21,000, रजत पदक विजेता राकेश कड़ती को ₹15,000 तथा कांस्य पदक विजेता खिलाड़ियों रुक्मणी, पूजा कोरसा, संतोषी, स्मिता और लक्ष्मी को ₹10,000-₹10,000 की प्रोत्साहन राशि के चेक प्रदान किए गए।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर श्री विश्वदीप ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा कहा कि ऐसे खिलाड़ी जिले और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रहे हैं। कार्यक्रम में जिले के श्रम निरीक्षक एवं अंतर्राष्ट्रीय कोच सोपान कर्णेवार भी उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। खिलाड़ियों एवं उनके परिजनों ने इस सम्मान के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।