अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय योग दिवस आयोजन

बीजापुर, 17 जून 2026/sns/- अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आगामी 21 जून 2026 को जिला मुख्यालय में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में माननीय विधायक सुश्री लता उसेंडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। वे योग के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करेंगी तथा सामूहिक योगाभ्यास में सहभागिता करेंगी। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में आयोजित योग दिवस कार्यक्रमों के लिए मुख्य अतिथियों का नामांकन किया गया है। इसी क्रम में बीजापुर जिले के कार्यक्रम हेतु विधायक सुश्री लता उसेंडी को नामित किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों द्वारा सामान्य योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया जाएगा। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” के अनुरूप नागरिकों को योग के माध्यम से स्वस्थ शरीर, संतुलित मन एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया जाएगा।
जिला प्रशासन ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागिता करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाकर स्वस्थ एवं सुखी जीवन की दिशा प्रदान करता है।
21 जून को आयोजित होने वाला यह सामूहिक योग कार्यक्रम स्वास्थ्य जागरूकता और जनभागीदारी का एक महत्वपूर्ण अवसर बनेगा, जिसमें जिले भर से बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।

About The Author