24 जून की ग्राम सभा बनेगी हजारों परिवारों के सपनों का आधार आवास प्लस 2.0 सूची पर होगा महत्वपूर्ण फैसला
बीजापुर, 17 जून 2026/sns/- जिले के गांवों में 24 जून 2026 को लोकतंत्र और जनभागीदारी का एक महत्वपूर्ण पर्व मनाया जाएगा। इस दिन प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा, जहां ग्रामीण अपने गांव के विकास और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों में सीधे भागीदारी निभाएंगे।
इस वर्ष की ग्राम सभा विशेष रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास प्लस 2.0 सर्वे से जुड़े 30,187 परिवारों के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होने वाली है। सर्वे के आधार पर तैयार की गई स्थायी प्रतीक्षा सूची (पीडब्ल्यूएल) का ग्राम सभा में अवलोकन एवं अनुमोदन किया जाएगा। सूची का सार्वजनिक वाचन भी होगा, जिससे पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी तथा ग्रामीण अपने सुझाव, दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे।
ग्राम सभा में ग्रामीणों की सहभागिता से आवासहीन एवं जरूरतमंद परिवारों की प्राथमिकता सूची तैयार की जाएगी, ताकि वास्तव में पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ मिल सके। यह प्रक्रिया उन हजारों परिवारों के लिए नई उम्मीद लेकर आएगी, जो वर्षों से अपने पक्के घर का सपना संजोए हुए हैं।
प्रशासन का मानना है कि ग्राम सभा केवल एक बैठक नहीं, बल्कि ग्रामीणों के अधिकार, सहभागिता और विकास का सबसे सशक्त मंच है। यहां लिए गए निर्णय गांवों के भविष्य को दिशा देते हैं और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करते हैं।
जिला प्रशासन ने सभी ग्रामीणों से अपील की है कि वे 24 जून को अपनी ग्राम सभा में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर गांव के विकास और जनकल्याण से जुड़े निर्णयों में सक्रिय भागीदारी निभाएं। इससे न केवल पात्र परिवारों को आवास योजना का लाभ मिलेगा, बल्कि ग्राम स्वराज और सहभागी विकास की भावना भी मजबूत होगी। “आइए, 24 जून की ग्राम सभा में शामिल होकर अपने गांव के विकास की दिशा तय करें और हर जरूरतमंद परिवार के घर के सपने को साकार बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।”