भिलाई 03 के सामुदायिक भवन उमदा और पाटन के सामुदायिक भवन अटारी में तीन दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविर 18 जून से

दुर्ग, 17 जून 2026/sns/- माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष के सफल कार्यकाल के उपलक्ष्य में संपूर्ण प्रदेश सहित दुर्ग जिले में ’विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’ कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष आयोजन किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में केंद्र एवं राज्य सरकार की समस्त जनकल्याणकारी एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले के दो प्रमुख स्थानों पर तीन दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। ये विशेष शिविर आगामी 18 जून 2026 से 20 जून 2026 तक प्रतिदिन सुबह 10.00 बजे से दोपहर 3.00 बजे तक आयोजित किए जाएंगे, जिसमें पात्र नागरिकों का मौके पर ही पंजीयन कर उन्हें लाभान्वित किया जाएगा।
अनुविभागीय अधिकारी (रा.) भिलाई-03 श्री महेश राजपूत से प्राप्त जानकारी के अनुसार, भिलाई 03 क्षेत्र के नागरिकों की सुविधा के लिए इस तीन दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविर का आयोजन सामुदायिक भवन उमदा में निर्धारित किया गया है। शिविर के माध्यम से स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को जोड़ने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को मुस्तैद किया गया है। इसी क्रम में, अनुविभागीय अधिकारी (रा.) पाटन श्री लवकेश ध्रुव से प्राप्त जानकारी के अनुसार पाटन क्षेत्र के अंतर्गत इस वृहद पंजीकरण शिविर का आयोजन डॉ. खूबचन्द बघेल सामुदायिक भवन, अटारी, नगर पंचायत पाटन में किया जा रहा है। इस शिविर के माध्यम से पाटन और उसके आसपास के ग्रामीण व नगरीय क्षेत्रों के आम नागरिकों को शासकीय योजनाओं से सीधे जोड़ा जाएगा। प्रशासन द्वारा दोनों ही स्थानों (उमदा और पाटन) पर आयोजित होने वाले इन शिविरों में आयुष्मान भारत, आयुष्मान वय वंदना, पीएम सूर्यघर, पीएम स्वनिधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, जलजीवन मिशन, पीएम कौशल विकास योजना तथा विभिन्न पेंशन योजनाओं सहित कई प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं के पंजीयन और आवश्यक मार्गदर्शन की विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। संबंधित अनुभागों के अंतर्गत आने वाले सभी क्षेत्रों के नागरिको से शिविर में उपस्थित होकर शासन की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं और शासकीय सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने की अपील की गई है।

About The Author