बाल सक्षम नीति-2022 के तहत विशेष अभियान 24 बच्चों का किया गया रेस्क्यू

बलौदाबाजार, 19 जून 2026/sns/- कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी अतुल परिहार के मार्गदर्शन एवं जिला बाल संरक्षण अधिकारी प्रकाश दास के नेतृत्व में जिले में सड़क जैसी परिस्थितियों में जीवनयापन कर रहे बच्चों को सुरक्षित बचपन, शिक्षा और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बाल सक्षम नीति-2022 के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत 1 जून से 30 जून 2026 तक विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।

इसी कड़ी में 15 जून एवं 18 जून को जिला बाल संरक्षण इकाई, श्रम विभाग, चाइल्ड लाइन तथा पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा कसडोल विकासखंड अंतर्गत गिधौरी, छरछेद, लवन, चांदन एवं बया, विकासखंड पलारी अंतर्गत गिधपुरी, रोहांसी, भवानीपुर, कोदवा एवं खरतोरा के चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान होटल, ढाबों और मिलों में जांच कर संचालकों को 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों से किसी भी प्रकार का श्रम नहीं कराने की सख्त चेतावनी दी गई।

संयुक्त कारवाई के दौरान संयुक्त टीम के द्वारा कुल 24 बच्चों को सड़क जैसी परिस्थितियों मे चिन्हांकित किया गया है। जिनके पुनर्वास की समुचित कार्यवाही के निष्पादन हेतु बालकों को बालक कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत कराया जा रहा है। 14 वर्ष से कम आयु के बालकों को कार्य में नियोजित करने वाले प्रतिष्ठानों के विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही हेतु श्रम विभाग को निर्देश दिए गए है।

About The Author