देवगढ़ महिला प्रोड्यूसर कम्पनी लिमिटेड में सीईओ एवं लेखापाल सह कम्प्यूटर ऑपरेटर पदों हेतु आवेदन आमंत्रित
अम्बिकापुर, 20 जून 2026/sns/- देवगढ़ महिला प्रोड्यूसर कम्पनी लिमिटेड द्वारा संगठन के सुचारू संचालन एवं व्यवसायिक विस्तार के लिए योग्य एवं अनुभवी अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह कम्पनी कृषि एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कार्यरत है। भर्ती के अंतर्गत मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO-FPC) के 01 अनारक्षित पद तथा लेखापाल सह कम्प्यूटर ऑपरेटर के 01 पद पर नियुक्ति की जाएगी। मुख्य कार्यपालन अधिकारी पद हेतु मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से बी.एससी. उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इस पद के लिए मासिक वेतन 15,000 रुपये से 25,000 रुपये निर्धारित किया गया है। लेखापाल सह कम्प्यूटर ऑपरेटर पद हेतु अभ्यर्थी का 12वीं उत्तीर्ण होना तथा मान्यता प्राप्त संस्थान से डीसीए/पीजीडीसीए के साथ टैली का ज्ञान होना आवश्यक है। आवेदक का छत्तीसगढ़ राज्य का मूल निवासी होना अनिवार्य है। चयन प्रक्रिया के अंतिम चरण में साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा, जिसके आधार पर अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी। साक्षात्कार के समय अभ्यर्थियों को स्थानीय निवास प्रमाण पत्र एवं शैक्षणिक योग्यता संबंधी मूल दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। आवेदन पत्र के साथ संलग्न सभी दस्तावेजों का स्वप्रमाणित होना आवश्यक है। लिफाफे के ऊपर आवेदित पद का नाम, वर्ग तथा आवेदक का पूर्ण पता स्पष्ट रूप से अंकित होना चाहिए। अपूर्ण अथवा असत्यापित आवेदन पत्र निरस्त कर दिए जाएंगे। निर्धारित प्रारूप में आवेदन केवल पंजीकृत डाक अथवा स्पीड पोस्ट के माध्यम से 19 जून 2026 से 30 जून 2026 तक सायं 5 बजे तक कार्यालयीन दिवसों में जनपद पंचायत सीतापुर कैम्पस स्थित एनआरएलएम कार्यालय में स्वीकार किए जाएंगे। अन्य किसी माध्यम से अथवा निर्धारित समय-सीमा के पश्चात प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित अवधि में आवेदन प्रस्तुत कर इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।