सुकमा के 15 मेधावी विद्यार्थियों का एनएमएमएसई में चयन

सुकमा, 20 जून 2026/sns/- राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा (एनएमएमएसई) सत्र 2025-26 में सुकमा जिले के 15 मेधावी विद्यार्थियों ने सफलता हासिल कर जिले का नाम गौरवान्वित किया है। 2 मई 2026 को आयोजित इस परीक्षा में जिले के कुल 196 विद्यार्थियों ने भाग लिया था। विकासखंड सुकमा एवं कोंटा में बनाए गए दो परीक्षा केंद्रों के माध्यम से परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच चयनित विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन के दम पर यह उपलब्धि प्राप्त की।
एनएमएमएसई का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है। योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक प्रतिमाह 1000 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी, जिससे उनकी पढ़ाई में आर्थिक सहायता मिलेगी और वे अपने शैक्षणिक लक्ष्यों को अधिक आत्मविश्वास के साथ प्राप्त कर सकेंगे। शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुकमा से नौ तथा पीएम श्री स्वामी आत्मानंद विद्यालय कोंटा से छह विद्यार्थियों का चयन हुआ है, जो जिले की शैक्षणिक गुणवत्ता का प्रमाण है। इस परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों में शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुकमा से शिवानी नाग, गुलाब कवासी, तनिष्ता चौरसिया, तब्बू मंडावी, कृष्णकुमार राणा, आयुष कुमार, राधिका मरकाम, सुरेश मडकामी एवं दीपक कुमार शामिल हैं। पीएम श्री स्वामी आत्मानंद विद्यालय, कोंटा के प्रधान अध्यापक टी श्रीनिवास वासु ने बताया कि संस्था से दीपिका मिस्त्री, माड़वी विमलेश, सोयम रोहित, माड़वी गंगा, सोडी देवा एवं माड़वी नवीन का चयन हुआ है।
विद्यार्थियों की इस उल्लेखनीय सफलता पर पूरे जिले में हर्ष का माहौल है। कलेक्टर श्री अमित कुमार और जिला शिक्षा अधिकारी जीआर मंडावी ने सभी चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और पालकों के निरंतर सहयोग का सामूहिक परिणाम है, जो सुकमा जिले के शिक्षा क्षेत्र के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज हुई है।

About The Author