निर्माण श्रमिकों के बच्चों के लिए सुनहरा अवसर

बीजापुर, 22 जून 2026/sns/- छत्तीसगढ़ के पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्रम विभाग द्वारा अटल उत्कृष्ट शिक्षा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। योजना के लिए 22 जून से 3 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे। योजना के तहत ऐसे पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की प्रथम दो संतानों का चयन किया जाएगा, जिनका श्रमिक पंजीयन कम से कम एक वर्ष पुराना हो तथा जो वर्तमान शैक्षणिक सत्र में कक्षा 6वीं में प्रवेश ले रहे हों। चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक प्रदेश के उत्कृष्ट आवासीय विद्यालयों में पूरी तरह निःशुल्क शिक्षा, आवास एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।

इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ निर्माण कार्य से जुड़े लगभग 60 श्रेणियों के पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों को मिलेगा। इनमें राजमिस्त्री, रेजा-कुली, प्लम्बर, इलेक्ट्रिशियन, पेंटर, कारपेंटर, मिस्त्री, हेल्पर, टाइल्स मिस्त्री, स्टील फिक्सर, फॉर्म वर्कर सहित अन्य निर्माण कर्मी शामिल हैं। श्रम विभाग के अनुसार इच्छुक अभिभावकShramev Jayate पोर्टल,Shramev Jayate मोबाइल ऐप, नजदीकी श्रम संसाधन केंद्र, चॉइस सेंटर अथवा जिला श्रम कार्यालय बीजापुर के कक्ष क्रमांक-6 में जाकर आवेदन कर सकते हैं।

योजना की प्रमुख विशेषताएं- पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की प्रथम दो संतानों को मिलेगा लाभ। कक्षा 6वीं से 12वीं तक निःशुल्क आवासीय शिक्षा। मेरिट के आधार पर होगा चयन। आवेदन की अंतिम तिथि 3 जुलाई 2026। ऑनलाइन एवं निर्धारित केंद्रों के माध्यम से आवेदन की सुविधा। श्रम विभाग ने पात्र श्रमिक परिवारों से समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है, ताकि उनके बच्चों को बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य का अवसर मिल सके। उक्त जानकारी श्रम निरीक्षक बीजापुर श्री सोपान कर्णेवार द्वारा प्रदान की गई।

About The Author