छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास को नई गति: सीएसआईडीसी की 161वीं बोर्ड बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय
रायपुर, 22 जून 2026/sns /माननीय अध्यक्ष श्री राजीव अग्रवाल (कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त) की अध्यक्षता में आज छत्तीसगढ़ स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (छत्तीसगढ़ स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड) की संचालक मंडल की 161वीं बैठक उद्योग भवन, रायपुर में सम्पन्न हुई। बैठक में राज्य के औद्योगिक विकास, निवेश संवर्धन एवं रोजगार सृजन से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।बैठक में वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव श्री रजत कुमार, प्रबंध संचालक श्री विश्वेश कुमार, संचालक उद्योग संचालनालय श्री प्रभात मलिक, संयुक्त सचिव वित्त विभाग श्रीमती श्रद्धा त्रिवेदी तथा अपर संचालक नगर एवं ग्राम निवेश श्री संदीप बागड़े सहित वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही।बैठक में प्रमुख रूप से देवेन्द्र नगर (पंडरी), रायपुर में प्रस्तावित जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क की स्थापना हेतु आगामी कार्यवाही को तेज करने का निर्णय लिया गया। यह परियोजना राज्य में रत्न एवं आभूषण उद्योग को बढ़ावा देने के साथ-साथ बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगी।इसके अतिरिक्त राज्य में टेक्सटाइल पार्क एवं रेडीमेड गारमेंट पार्क की स्थापना एवं विस्तार के माध्यम से निवेश आकर्षित करने पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में यह भी तय किया गया कि औद्योगिक अधोसंरचना को मजबूत बनाते हुए निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जाएगा।राज्य सरकार की मंशा है कि छत्तीसगढ़ को एक प्रमुख औद्योगिक एवं निवेश गंतव्य के रूप में विकसित किया जाए, जिससे स्थानीय युवाओं को अधिक रोजगार अवसर प्राप्त हो सकें और राज्य की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिले।

