भिक्षावृत्ति में लिप्त व्यक्तियों के पुनर्वास हेतु अम्बिकापुर में ‘स्माईल योजना’ के क्रियान्वयन के लिए संस्था का चयन
अम्बिकापुर, 23 जून 2026/sns/- भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित सपोर्ट फॉर मार्जिनलाइज्ड इंडिविजुअल्स फॉर लाइवलीहुड एंड एंटरप्राइज (SMILE) योजना के अंतर्गत भिक्षावृत्ति में लिप्त व्यक्तियों के व्यापक पुनर्वास हेतु अम्बिकापुर जिला सरगुजा में कार्यान्वयन एजेंसी के रूप में एक संस्था का अस्थायी चयन किया गया है।
समाज कल्याण संचालनालय एवं भारत सरकार के निर्देशों के अनुरूप चयनित संस्था आगामी आदेश तक योजना का संचालन करेगी। संस्था को योजना के तहत जारी सभी नियमों, दिशा-निर्देशों एवं शासन के आदेशों का पूर्णतः पालन करना होगा। संस्था जाति, धर्म, भाषा एवं अन्य किसी प्रकार के भेदभाव से परे रहकर निःस्वार्थ भाव से भिक्षावृत्ति में संलग्न व्यक्तियों के पुनर्वास, कौशल विकास एवं सामाजिक मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य करेगी।
योजना के अंतर्गत संस्था को निर्धारित अभिलेखों का संधारण, सूचना के अधिकार अधिनियम-2005 का पालन तथा कर्मचारियों की नियुक्ति में शासन की आरक्षण नीति एवं अन्य नियमों का अनुपालन करना होगा। कर्मचारियों का चरित्र सत्यापन अनिवार्य रहेगा तथा किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी को संस्था से पृथक करना होगा।
संस्था का चयन अनुदान स्वीकृति का आधार नहीं माना जाएगा। योजना के अंतर्गत अनुदान अथवा वित्तीय सहायता बजट उपलब्धता एवं आवश्यकता के अनुसार ही प्रदान की जाएगी। संस्था की कार्यप्रणाली जनहित एवं योजना के उद्देश्यों के अनुरूप नहीं पाए जाने अथवा शिकायतों की पुष्टि होने पर नियमानुसार जांच उपरांत चयन समाप्त किया जा सकेगा।
स्माईल योजना का उद्देश्य भिक्षावृत्ति में लिप्त व्यक्तियों को सम्मानजनक जीवन, आजीविका के अवसर तथा पुनर्वास सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें समाज की मुख्यधारा में शामिल करना है।