जनदर्शन में मिले 180 से अधिक आवेदन

मुंगेली, 23 जून 2026/sns/- जिला कलेक्टोरेट में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार आयोजित जनदर्शन में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने सभी आवेदनों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में जाति प्रमाण पत्र, नाम सुधार, स्ट्रीट लाइट, अतिक्रमण हटाने सहित विभिन्न जनहित से जुड़े 180 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनके निराकरण की प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ कर दी गई है।
खैरा-सेतगंगा निवासी अशोक नट ने जाति एवं निवास प्रमाण पत्र बनवाने, ग्राम पेण्ड्रीतालाब की यशोदा यदु ने बी-1 अभिलेख में नाम संबंधी त्रुटि सुधार कराने तथा ग्राम बघनी भांवर के ग्रामीणों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थल पर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग रखी। वहीं ग्राम पलानसरी के ग्रामीणों ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। अतिरिक्त कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदन का परीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और प्रत्येक प्रकरण में संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य किया जाना चाहिए। जनदर्शन के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों पर नियमानुसार कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। जनदर्शन में मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author