अंतर्राट्रीय योग दिवस पर जिले के 119 अमृत सरोवरों में किया गया योगाभ्यास
मुंगेली, 23 जून 2026/sns/- अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर महात्मा गांधी नरेगा अंतर्गत विकसित जिले के सभी 119 अमृत सरोवरों पर सामूहिक योगाभ्यास एवं जनजागरूकता कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया, जिनमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया गया। प्रतिभागियों को नियमित योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी गई तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकरी श्री प्रभाकर पाण्डेय के मार्गदर्शन में कार्यक्रम के दौरान योग के साथ-साथ जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण का भी व्यापक संदेश दिया गया। ग्रामीणों को अमृत सरोवरों के संरक्षण, रखरखाव और जनभागीदारी के माध्यम से उन्हें सतत विकास के केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। जिले के अमृत सरोवरों में आयोजित इन कार्यक्रमों में हजारों ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नियमित योगाभ्यास, जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।