वृहद पंजीकरण शिविर ध्रुवेन्द्र मल्लाह का बना श्रम कार्ड
मुंगेली, 23 जून 2026/sns/- केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में चलाए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक परिणाम अब जमीनी स्तर पर दिखाई देने लगा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविर ने मुंगेली जिले के अनेक लोगों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में संचालित “विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के अंतर्गत 18 से 20 जून 2026 तक जिले में विशेष पंजीकरण शिविर आयोजित किया गया। शिविरों में विभिन्न विभागों की योजनाओं से पात्र हितग्राहियों को जोड़ा गया तथा आवश्यक दस्तावेज एवं सामग्री उपलब्ध कराई गई।
इसी कड़ी में मुंगेली निवासी ध्रुवेन्द्र मल्लाह का श्रम कार्ड बनाकर उन्हें श्रम विभाग की योजनाओं से जोड़ा गया। श्री मल्लाह ने बताया कि वे लंबे समय से असंगठित क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं, लेकिन सरकारी श्रम योजनाओं से जुड़ने का अवसर नहीं मिला था। शिविर के माध्यम से उनका श्रम कार्ड बनाया गया, जिससे अब वे श्रमिकों के लिए संचालित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि शिविर में अधिकारियों और कर्मचारियों ने सरल प्रक्रिया के माध्यम से उनका पंजीयन कराया, जिससे उन्हें काफी सुविधा हुई। अब उन्हें भविष्य में मिलने वाली विभिन्न सरकारी सुविधाओं और सुरक्षा योजनाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है। ध्रुवेन्द्र मल्लाह ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी तथा शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अब सीधे पात्र लोगों तक पहुंच रहा है, जिससे आम नागरिकों का विश्वास और मजबूत हुआ है।