इन्द्रावती टाइगर रिजर्व में पेड़ जलाने की खबर भ्रामक विभाग ने दी तथ्यात्मक जानकारी

बीजापुर, 24 जून 2026/sns/- इन्द्रावती टाइगर रिजर्व के कुटरू कोर क्षेत्र में सड़क किनारे बड़े-बड़े पेड़ों को जलाए जाने तथा इस संबंध में विभाग के गंभीर नहीं होने की खबर को विभाग ने भ्रामक बताया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रकाशित समाचार तथ्यहीन एवं भ्रामक है। वन विभाग के अनुसार इन्द्रावती टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में पेड़ों की अवैध कटाई अथवा पेड़ों को जलाए जाने संबंधी कोई प्रकरण विभाग के संज्ञान में नहीं आया है। ऐसी किसी घटना की पुष्टि भी नहीं हुई है।

उप निदेशक इन्द्रावती टाइगर रिजर्व ने बताया कि बस्तर क्षेत्र के नक्सल-मुक्त होने के बाद से वन अमला अपने-अपने कार्यक्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। इन्द्रावती टाइगर रिजर्व की उड़नदस्ता टीम द्वारा नियमित गश्त की जा रही है तथा क्षेत्रीय युवाओं को पेट्रोलिंग गार्ड के रूप में नियुक्त कर वन क्षेत्रों की निगरानी मजबूत की गई है। इसके साथ ही स्थानीय ग्रामीणों के बीच वन एवं वन्यप्राणियों के संरक्षण के प्रति जागरूकता अभियान और प्रचार-प्रसार कार्यक्रम भी लगातार संचालित किए जा रहे हैं। विभाग ने कहा कि वन एवं वन्यजीव संरक्षण से संबंधित कोई भी शिकायत या प्रकरण प्राप्त होने पर नियमानुसार तत्काल कार्रवाई की जाती है।

विभाग ने आमजन से अपील की है कि अपुष्ट एवं भ्रामक समाचारों पर विश्वास न करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल विभाग को दें।

About The Author