सुकमा में 28 जून से राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान
सुकमा, 25 जून 2026/sns/-राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान का आयोजन सुकमा जिले में 28 जून 2026 से 30 जून 2026 तक किया जाएगा। कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशानुसार तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह के मार्गदर्शन में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. दीपेश चन्द्राकर एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. गीतु हरीत के नेतृत्व में यह अभियान संचालित होगा। तीन दिवसीय अभियान के दौरान जिले के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 37 हजार 518 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान की तैयारियों के तहत जिला टास्क फोर्स की बैठक भी पूर्ण कर ली गई है।
अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में 389 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां पहले दिन बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इसके लिए 1304 बूथ टीम सदस्यों और 40 पर्यवेक्षक दलों की तैनाती की गई है। अभियान का विधिवत शुभारंभ 28 जून को सुबह जिला एवं विकासखंड स्तर पर जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया जाएगा। दूसरे और तीसरे दिन टीकाकरण दल घर-घर पहुंचकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगे, जो बूथों तक नहीं पहुंच पाए होंगे। इसके लिए 1177 टीम सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो जिले के लगभग 55 हजार 353 घरों का भ्रमण करेंगे। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले के सभी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मितानिनों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वहीं, पहुंचविहीन क्षेत्रों, मेला-हाट, बाजार, ईंट भट्ठों, मलिन बस्तियों, बस स्टैंड और निर्माण स्थलों तक बच्चों को पोलियो की खुराक पहुंचाने के लिए 9 विशेष मोबाइल टीमों का गठन किया गया है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे 28 जून, रविवार को अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को नजदीकी पल्स पोलियो बूथ तक अवश्य लेकर जाएं और जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखने में अपनी भागीदारी निभाएं।