मोर गांव मोर पानी अभियान के तहत निर्मित जल अवशोषण ट्रेंचों से 132.2 लाख घन मीटर वर्षा जल का भण्डारण

बलौदाबाजार, 6 जुलाई 2026/sns/- जल संरक्षण को जनभागीदारी का व्यापक स्वरूप देते हुए जिला प्रशासन द्वारा जिले में मोर गांव,मोर पानी महाअभियान के अंतर्गत वी बी-ज़ी राम ज़ी एवं विभिन्न विभागों के प्रभावी अभिसरण से 1,69,504 जल अवशोषण ट्रेंच का निर्माण किया गया है। पहली बारिश में ही इन जल अवशोषण ट्रेंचों में पानी भर गया हैं जिससे लगभग 13.22 मिलियन क्यूबिक मीटर वर्षा जल का संरक्षण एवं भूजल पुनर्भरण सुनिश्चित होगा। इससे वर्षा का बहुमूल्य जल बहकर नष्ट होने के बजाय भूमि में समाहित होगा, जिससे भूजल स्तर में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा कुओं, हैंडपंपों, नलकूपों एवं अन्य जल स्रोतों में लंबे समय तक जल उपलब्धता बनी रहेगी।

कलेक्टर कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन एवं सी ई ओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल के नेतृत्व में जिले में मोर गांव, मोर पानी 2.0 अभियान चलाया गया।यह अभियान केवल जल संरक्षण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती प्रदान कर रहा है। वी बी -ज़ी राम जी के माध्यम से हजारों ग्रामीण श्रमिकों को उनके अपने गांव में ही रोजगार उपलब्ध हुआ, वहीं विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से अभियान का प्रभाव और अधिक व्यापक एवं परिणामकारी बना।

जल अवशोषण ट्रेंचों के निर्माण से कृषि भूमि में नमी का संरक्षण होगा, मिट्टी का कटाव कम होगा तथा वर्षा जल का अधिकतम उपयोग संभव होगा। इससे किसानों को खरीफ एवं रबी दोनों फसलों में बेहतर उत्पादन प्राप्त होगा। साथ ही जल उपलब्धता बढ़ने से पशुपालन, बागवानी, मत्स्य पालन एवं अन्य ग्रामीण आजीविका गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

मोर गांव–मोर पानी महाअभियान जल संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने का एक सफल मॉडल बनकर उभरा है। यह अभियान “हर बूंद का संरक्षण–हर गांव का संवर्धन” की भावना को साकार करते हुए भविष्य की जल सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

About The Author