जिला प्रशासन की सराहनीय पहल

सुकमा, 07 जूलाई 2026/sns/- जिले के युवाओं को बेहतर शैक्षणिक और शारीरिक विकास के अवसर प्रदान करने के लिए सुकमा जिला प्रशासन लगातार तत्परता से कार्य कर रहा है। इसी कड़ी में एक अनुकरणीय मिसाल पेश करते हुए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकुंद ठाकुर ने सोमवार सायंकाल 8 बजे जिला मुख्यालय स्थित “सक्षम कोचिंग सेंटर“, लाइब्रेरी और जिम का आकस्मिक निरीक्षण किया। देर शाम हुए इस औचक निरीक्षण ने प्रशासनिक सजगता और युवाओं के भविष्य के प्रति अधिकारियों की गंभीर प्रतिबद्धता को धरातल पर साबित किया है, जिसकी स्थानीय स्तर पर काफी सराहना हो रही है।
निरीक्षण के दौरान सीईओ श्री ठाकुर ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से छात्रों की उपस्थिति पंजी (अटेंडेंस रजिस्टर) का बारिकी से अवलोकन किया। उन्होंने लाइब्रेरी और कोचिंग संस्थान में प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों की सहूलियत के लिए आवश्यक और नवीनतम पुस्तकों की उपलब्धता की विस्तृत जानकारी ली। इसके साथ ही, युवाओं को स्वस्थ व ऊर्जावान बनाए रखने के उद्देश्य से संचालित जिम का दौरा कर वहाँ आवश्यक खेल व व्यायाम संसाधनों की जरूरतों के संबंध में पूछताछ की। प्रशासन की इस सक्रियता से स्पष्ट है कि वे युवाओं को केवल सुविधाएं देने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनकी गुणवत्ता पर भी पैनी नजर रख रहे हैं।
प्रशासन के इस संवेदनशील रुख का सबसे सकारात्मक पहलू तब देखने को मिला जब सीईओ ने वहाँ उपस्थित छात्र-छात्राओं और शिक्षकों से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने उनकी समस्याओं को न सिर्फ आत्मीयता से सुना, बल्कि कोचिंग, लाइब्रेरी और जिम में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं तथा सामग्रियों को जल्द से जल्द उपलब्ध कराने का ठोस आश्वासन भी दिया। जिला प्रशासन का यह त्वरित और संवादात्मक दृष्टिकोण सुकमा के दूरस्थ अंचल के युवाओं में नया विश्वास जगाने का काम कर रहा है, जिससे उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए एक उत्कृष्ट और संसाधन-युक्त वातावरण मिल सकेगा।

About The Author