मैनपाट के रोपाखार में विकासखण्ड स्तरीय वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित 4 हेक्टेयर में लगाए जाएंगे 2,768 पौधे

अम्बिकापुर, 08 जुलाई 2026/sns/-   जनपद पंचायत मैनपाट अंतर्गत ग्राम पंचायत रोपाखार में आज विकासखण्ड स्तरीय वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम के अंतर्गत 4 हेक्टेयर भूमि का चिन्हांकन किया गया है। इस क्षेत्र में 1,328 नग फलदार पौधों तथा बाउंड्री प्लांटेशन के लिए 1,440 नग पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम के प्रथम चरण में आज 600 पौधों का सफलतापूर्वक रोपण किया गया। वृक्षारोपण कार्य के लिए महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) एवं जिला खनिज न्यास संस्थान (DMF) से कुल 26 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। इस परियोजना के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन एवं हरित विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम में जनपद पंचायत मैनपाट की अध्यक्ष श्रीमती संतोषी पैकरा, उपाध्यक्ष श्री अनिल सिंह, जनपद सदस्य श्रीमती गायत्री मोदी एवं श्री अर्जुन तिर्की,  अध्यक्ष श्री श्रीराम यादव, उपसंचालक उद्यान, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मैनपाट, ग्राम पंचायत के सरपंच, पंच, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया।

About The Author