पोटेमडगु गांव में एक ही दिन में मिलीं विभिन्न शासकीय ऑनलाइन सेवाएं

सुकमा,  06 नवम्बर 2026/sns/- कलेक्टर श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन में ग्रामीण क्षेत्रों में शासकीय योजनाओं एवं डिजिटल सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कोंटा विकासखंड में स्थित एलमगुंडा पंचायत के अंतर्गत पोटेमडगु गांव में विशेष डिजिटल सेवा अभियान संचालित किया गया। प्रशासन की इस पहल के तहत ग्रामीणों को एक ही दिन में विभिन्न महत्वपूर्ण शासकीय ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। अटल डिजिटल सुविधा केंद्र चिंतागुफा के माध्यम से ग्रामीणों को उनके आवश्यक दस्तावेज बनवाने की सुविधा गांव के नजदीक उपलब्ध कराई गई, जिससे उन्हें इन कार्यों के लिए दूर-दराज के कार्यालयों तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी।
   ई डिस्ट्रिक्ट मैनेजर मो. शाहिद ने बताया कि अभियान के दौरान कुल 22 हितग्राहियों को विभिन्न सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया। इसमें 10 ग्रामीणों का नया आधार पंजीयन, 10 ऑनलाइन जन्म प्रमाण पत्र, 01 आयुष्मान कार्ड तथा 01 वोटर आईडी कार्ड बनाने की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की गई। एक ही दिन में इतनी महत्वपूर्ण सेवाओं का लाभ मिलने से ग्रामीणों को समय और श्रम की बचत के साथ शासकीय प्रक्रियाओं को सहजता से पूरा करने का अवसर मिला।
   जिला प्रशासन की यह पहल दूरस्थ एवं ग्रामीण अंचलों में डिजिटल सेवाओं की पहुंच बढ़ाने, शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा नागरिक सुविधाओं को सरल और सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। प्रशासन का उद्देश्य है कि तकनीक के माध्यम से ग्रामीणों को उनके गांव और घर के नजदीक ही आवश्यक शासकीय सेवाएं उपलब्ध हों, ताकि विकास की मुख्यधारा से प्रत्येक नागरिक को जोड़ा जा सके।गांव में ही सेवाएं, एक ही दिन में समाधान और ग्रामीणों के समय की बचत-सुशासन एवं डिजिटल सशक्तीकरण की दिशा में सुकमा जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता का परिचायक है।

About The Author