पुलिस एवं खनिज विभाग की सख्त कार्रवाई
मुंगेली, 08 जुलाई 2026/sns/- जिले में खनिज संपदा के संरक्षण एवं अवैध उत्खनन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशन एवं खनिज अधिकारी के मार्गदर्शन में पुलिस एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने तहसील सरगांव के ग्राम भाखुरीडीह, सल्फा एवं पेंड्री में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत भंडारण के मामलों का खुलासा किया। संयुक्त निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्थानों पर बिना वैध अभिलेखों के बड़ी मात्रा में रेत का अवैध भंडारण पाया गया। जांच के उपरांत नियमानुसार अवैध रेत भंडारों को जब्त कर सुपुर्दगी में दिया गया तथा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों के तहत विधिसम्मत कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। आम नागरिकों को कहीं भी अवैध रेत उत्खनन, परिवहन अथवा भंडारण की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग को सूचित करने समझाइश दी गई है, ताकि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए त्वरित कार्रवाई की जा सके।