कलेक्टर ने कहा, स्कूल, हॉस्टल निर्माण में गुणवत्ता में कोई कमी नहीं होनी चाहिए
सारंगढ़ बिलाईगढ़, 8 जुलाई 2026/sns/- कलेक्टर पदमिनी भोई ने बुधवार को सरिया पहुंचकर वहां बन रहे लाखों रुपए के हायर सेकेंडरी स्कूल बिल्डिंग एवं कन्या हॉस्टल का निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूल भवन के प्रत्येक कक्षा का जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, ठेकेदारों एवं स्कूल प्रशासन की उपस्थिति में बारीकी से निरीक्षण किया। जहां ठेकेदार एवं इंजीनियर के कार्य में कमी को देखकर कलेक्टर ने कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि, स्कूल, हॉस्टल निर्माण में गुणवत्ता में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। यदि आपके घर ऐसा काम हुआ होता तो आप किया करते।
इसी तरह कलेक्टर ने कन्या हॉस्टल भवन का निरीक्षण किया। यहां पर भी बहुत सारी खामियां पाए जाने पर ठेकेदार और हॉस्टल विभाग के अधिकारी को फटकार लगाई। विदित हो कि नगर पंचायत सरिया में वित्त मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक ओपी चौधरी के द्वारा यहां के वर्षों पुरानी मांग एवं कल्पना के अनुरूप कार्य किया जा रहा है। सभी बातों को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने नगर पंचायत सरिया सीएमओ को मौके पर ही निर्देश दिए कि नगर पंचायत सरिया में जितने भी विकास निर्माण कार्य हो रहा हैं सभी निर्माण कार्यों में ठेकेदारों और संबंधित इंजीनियरों को तलब करने का निर्देश दिया है। इसके लिए तैयारी प्रारंभ हो गई है।