संपर्क केंद्र की त्वरित पहल से छात्रा को समय पर मिला आय प्रमाण पत्र कॉलेज प्रवेश का रास्ता हुआ आसान
बलौदाबाजार, 8 जुलाई 2026/sns/- जिला प्रशासन द्वारा संचालित जनहितकारी पहल संपर्क केंद्र आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण का प्रभावी माध्यम बनकर सामने आ रहा है। इसी क्रम में तहसील पलारी के ग्राम दतान (प) निवासी श्री राधेश्याम जायसवाल की शिकायत का शीघ्र समाधान करते हुए उनकी पुत्री ममता जायसवाल को समय पर आय प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया गया, जिससे उनका महाविद्यालय में प्रवेश सुनिश्चित हो सका।
श्री राधेश्याम जायसवाल ने संपर्क केंद्र में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पुत्री ममता जायसवाल को महाविद्यालय में प्रवेश के लिए आय प्रमाण पत्र की आवश्यकता है। इसके लिए उन्होंने 24 जून 2026 को तहसील कार्यालय पलारी में आवेदन प्रस्तुत किया था, लेकिन प्रमाण पत्र जारी होने में विलंब होने के कारण कॉलेज में प्रवेश की अंतिम तिथि 1 जुलाई 2026 होने से प्रवेश प्रभावित होने की आशंका थी। शिकायत प्राप्त होते ही संपर्क केंद्र ने संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर प्रकरण का त्वरित निराकरण कराया और समय पर आय प्रमाण पत्र जारी कराया गया। इसके फलस्वरूप ममता जायसवाल को इंदौर स्थित महाविद्यालय में प्रवेश के लिए आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध हो गया।
समय पर समस्या का समाधान होने से ममता जायसवाल और उनके पिता श्री राधेश्याम जायसवाल ने जिला प्रशासन एवं संपर्क केंद्र के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि त्वरित कार्रवाई के कारण उनकी महत्वपूर्ण समस्या का समय रहते समाधान हो गया और छात्रा का भविष्य सुरक्षित हो सका। संपर्क केंद्र के माध्यम से 92018-99925 पर प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि आम नागरिकों को समयबद्ध एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। जिले के कोई भी आमजन अपनी समस्या या मांग से संबंधित शिकायत सम्पर्क केंद्र में फोन करके आसानी से कर सकते है।