पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से ग्राम पंचायत चैतूखपरी के सरपंच बने सौर ऊर्जा के उत्पादक

राजनांदगांव, 08 जुलाई 2026/ssn/- प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ लोगों को बिजली बिल से राहत दिलाने का प्रभावी माध्यम बन रही है। विकासखंड डोंगरगढ़ की ग्राम पंचायत चैतूखपरी के सरपंच श्री मनोहर सिन्हा ने इस योजना के अंतर्गत अपने घर की छत पर 3 किलोवॉट क्षमता का सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित कर गांव में स्वच्छ ऊर्जा अपनाने की प्रेरणादायी शुरूआत की है। श्री सिन्हा ने बताया कि उन्होंने कुछ दिन पहले योजना के तहत आवेदन किया था। बैंक वित्तीय प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद करीब 15 से 20 दिन पहले उनके घर पर 3 किलोवॉट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित किया गया। इस परियोजना की कुल लागत लगभग 2 लाख रूपए लगी है। जिसमें केन्द्र एवं राज्य शासन से 1 लाख 8 हजार रूपए की सब्सिडी प्राप्त होगी। शेष राशि बैंक के माध्यम से आसान किश्तों में फायनेंस कराया है तथा उन्होंने प्रारंभिक अंशदान के रूप में लगभग 10 हजार रूपए जमा किए।
सरपंच श्री मनोहर सिन्हा ने बताया कि सोलर प्लांट लगाने से पहले उनके घर का मासिक बिजली बिल लगभग 700 से 800 रूपए आता था। अब उन्हें उम्मीद है कि बिजली बिल लगभग समाप्त हो जाएगा और अतिरिक्त बिजली उत्पादन होने पर उसका लाभ भी मिलेगा। श्री सिन्हा ने बताया कि उन्हें इस योजना की जानकारी अधिकृत वेंडर के माध्यम से मिली, जिसके बाद उन्होंने योजना का लाभ लेने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि गांव में सबसे पहले सोलर प्लांट लगाया है। इसे देखने के लिए कई ग्रामीण आए हैं और योजना के संबंध में जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में गांव के अन्य लोग भी इस योजना से प्रेरित होकर अपने घरों में सोलर रूफटॉप स्थापित करेंगे। उन्होंने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को आम नागरिकों के लिए अत्यंत लाभकारी बताते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी से लोगों पर आर्थिक बोझ काफी कम हो जाता है। उन्होंने नागरिकों से इस योजना का लाभ उठाकर स्वच्छ ऊर्जा को अपनाने और बिजली खर्च में बचत करने की अपील की। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से जिले में लगातार लोग सौर ऊर्जा की ओर अग्रसर हो रहे हैं। यह योजना न केवल बिजली बिल में राहत प्रदान कर रही है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण एवं ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

About The Author