डायरिया की पुनरावृत्ति रोकने एसडीएम ने किया रमतला गांव का निरीक्षण
मुंगेली, 09 जुलाई 2026/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार मौसमी बीमारियों से बचाव हेतु लगातार प्रयास किया रहा है। इसी कड़ी में पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा ने गत वर्ष पेयजल की समस्या के कारण डायरिया से प्रभावित रहे ग्राम पंचायत रमतला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने गांव की पेयजल व्यवस्था, जलस्रोतों की स्थिति, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा पेयजल उपलब्धता और गुणवत्ता से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। ग्रामीणों से प्राप्त सुझावों और शिकायतों के आधार पर संबंधित विभागों को आवश्यक सुधारात्मक एवं त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
एसडीएम श्रीमती चंद्रा ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल समस्याओं का समाधान करना ही नहीं, बल्कि संभावित स्वास्थ्य संकटों की रोकथाम भी सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने, जलस्रोतों की नियमित निगरानी, साफ-सफाई तथा जनजागरूकता गतिविधियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इस दौरान राजस्व, पंचायत, स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी तथा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।